हल्द्वानी: ट्रांसपोर्ट नगर में बनेगा बहुमंजिला शॉपिंग कांपलेक्स, मिलेंगी ये सुविधाएं
हल्द्वानी, अमृत विचार। चार साल बाद ट्रासंपोर्ट नगर परियोजना की हुई बैठक में यातायात नगर में बहुमंजिला शॉपिंग कांपलेक्स बनाने समेत स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा लगाने और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने आदि फैसलों पर सहमति बनी है। बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में तकरीबन चार साल बाद टीपी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। चार साल बाद ट्रासंपोर्ट नगर परियोजना की हुई बैठक में यातायात नगर में बहुमंजिला शॉपिंग कांपलेक्स बनाने समेत स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा लगाने और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने आदि फैसलों पर सहमति बनी है।
बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में तकरीबन चार साल बाद टीपी नगर परियोजना की बैठक संपन्न हुई। बैठक में ट्रांसपोर्टरों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। डीएम गर्ब्याल ने कहा नगर निगम के माध्यम से ट्रांसपोर्ट नगर में 150 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन लाइटों लगाने के साथ ही नियमित मरम्मत व रखरखाव भी नगर निगम ही करेगा हालांकि इसकी बिजली के बिल का भुगतान यातायात परियोजना से किया जाएगा।
यातायात नगर में व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ाने व ट्रांसपोर्टरों, जनता की सहूलियत के लिए बहुमंजिला शॉपिंग कांपलेक्स बनाया जाएगा। इसमें पार्किंग, शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स का भी इंतजाम होगा। इससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों को सुविधा होगी। वहीं, यातायात नगर परियोजना की आय में भी इजाफा होगा। इसी के साथ व्यवसायिक गतिविधियों के विकेंद्रीयकरण से शहर पर जनसंख्या वाहनों एवं व्यवसायिक गतिविधियों का दबाव भी कम होगा।
डीएम ने जिला विकास प्राधिकरण को एक माह के भीतर बहुमंजिला शापिंग कांपलेक्स, भूतल पार्किंग एस्टीमेट व नक्शा का प्रस्ताव पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम व जल संस्थान को पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज व्यवस्था बनाने के लिए तकनीकी निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने कहा कि यातायात नगर में रिक्त भूखंडों के आवंटन में ऐसे लोगों को वरीयता दी जाए जो पहले से काम कर रहे हैं लेकिन उनके पास भूखंड नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रत्येक माह यातायात नगर परियोजना की बैठक करने का आग्रह किया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि एक माह में फिर यातायात नगर परियोजना के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
= यातायात नगर में ट्रकों की पार्किंग करें और शुल्क लें 50 रुपया =
यातायात नगर में ट्रकों की पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जाएगी। पार्किंग का प्रतिदिन 50 रूपए की दर से शुल्क वसूला जाए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को निर्देश दिए कि यातायात नगर में लंबे समय से अवैध ढंग से खड़े वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी किया जाए। यदि फिर भी वाहन नहीं हटाए जाते हैं तो उनकी नीलामी की जाएगी।
यह भी हुए फैसले
= टीपी नगर में बाहर से कार्य कर रहे मैकेनिकों से सौ रूपए प्रतिदिन निर्धारित दर से तहबाजारी ली जाएगी
= सुरक्षा के लिहाज से यातायात नगर के तीनों गेटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए और पीआरडी जवानों की तैनाती होगी
= टीपी नगर में रिक्त भूखंडों का फिर से आवंटन किया जाएगा
= यातायात नगर में आधुनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा
= ये रहे मौजूद =
इस दौरान मेयर जोगेंद्र सिं रौतेला, कुमाऊं मंडल विकास निगम प्रबंध निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी, नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम मनीष कुमार, लोनिवि ईई अशोक कुमार, जलसंस्थान ईई एके श्रीवास्तव, ट्रांसपोर्टर्स इंद्र कुमार भुटयानी, जीत सिंह सेठी, प्रदीप सब्बरवाल, दर्शन खेतवाल, केएन शर्मा मौजूद रहे।
