टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पांचवें दिन भी नहीं खुल सका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पांचवें दिन भी नहीं खुल सका। राजमार्ग न खुलने से पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को आने जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है।वही पहाड़ के लिए खाद्यय और पेट्रोल संकट भी अब धीरे-धीरे गहराने लगा है। इधर, टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के भारतोली में एनएच …

टनकपुर, अमृत विचार। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पांचवें दिन भी नहीं खुल सका। राजमार्ग न खुलने से पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को आने जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है।वही पहाड़ के लिए खाद्यय और पेट्रोल संकट भी अब धीरे-धीरे गहराने लगा है।

इधर, टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के भारतोली में एनएच खंड के अभियंता और लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के साथ रविवार की शाम हुआ विवाद भले ही समाप्त हो गया लेकिन आरजीबीईएल कंपनी के साथ अभी भी तकरार पूरी तरह से समाप्त नहीं हो पाई है। कंपनी ने जनहित को देखते हुए भारतोली के पास से मलबा हटाने का काम शुरू तो कर दिया है लेकिन प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से विधायक के खिलाफ लोहाघाट थाने में दी गई तहरीर वापस नहीं ली गई है।

लंबे समय बाद भी राष्ट्रीय राजमार्ग न खुल पाने से एक ओर जहां पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र के यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है वहीं पहाड़ों के लिए खाद्यान्न व पेट्रोल का भी संकट उत्पन्न हो गया है। लोहाघाट के विधायक के साथ उपजा विवाद भले ही कम हो गया है लेकिन थाने में दी गई तहरीर को अभी तक वापस न लेने से मामले के और उलझने के आसार बन रहे हैं। इधर कंपनी के वाइस चेयरमैंन नरेंद्र चौहान ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती तब तक समझौते का सवाल ही पैदा नहीं होता। एनएच के एई विवेक कुमार सक्सेना ने मंगलवार को हुई बैठक के बाद विधायक के खिलाफ दी गई तहरीर वापस ले ली थी। समझौते के बाद एनएच ने मंगलवार की शाम से स्वाला के पास आए मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया था। जबकि आरजीबीईएल ने बुधवार की सुबह सात बजे से भारतोली में मलबा हटाने का काम शुरू किया।

कंपनी के वाइस चेयरमैंन चौहान ने कहा कि जनहित को देखते हुए बुधवार सुबह से भारतोली में आए मलबे को हटाने सहित सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। यहां बता दें कि रविवार की शाम टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट व घाट के बीच भारतोली में लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और एनएच खंड के एई तथा आरजीबीईएल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के बीच विवाद हो गया था। इस मामले में बकायदा विधायक फर्त्याल के खिलाफ लोहाघाट थाने में तहरीर भी दी गई है। इस घटना के बाद से एनएच और कंपनी ने मलबा हटाने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य बंद कर दिया था। मंगलवार को एसडीएम की मौजूदगी में विधायक और एनएच खंड के अधिकारियों के बीच लोहाघाट में हुए समझौते के बाद सड़क पर काम शुरू कर दिया गया है।वही स्वाला और भारतोली में मलबा हटाने का काम शुरू होने पर मार्ग में फंसे यात्रियों और कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।

एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि स्वाला और भारतोली में मलबा हटाकर एनएच को सुचारू करने का काम शुरू हो चुका है। स्वाला में लगातार मलबा गिर रहा है। जितनी मात्रा में मलबा हटाया जा रहा है उसके अधिक मलबा गिर रहा है, जिसके कारण एनएच जल्दी खुलने की संभावना नहीं है। वही भारतोली में भी रुक रुक कर आ रहे भारी मलवे से यहां भी मार्ग जल्दी खुलने के आसार नजर नहीं दिखाई दे रहे हैं।दूसरी ओर पिछले पांच दिन से एनएच बंद होने के कारण चम्पावत और लोहाघाट में पेट्रोल, डीजल समेत अन्य जरूरी चीजों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। स्वाला के पास तेल के पांच टैंकर और फल सब्जियों के कई वाहन फंसे हुए हैं।

आरजीबीईएल के प्रोजेक्ट मैंनेेजर की ओर से विधायक के खिलाफ दी गई तहरीर वापस नहीं ली गई है। उन्होंने जिलाधिकारी और एसपी से तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती कंपनी अपनी मांग उच्चाधिकारियों के सम्मुख रखती रहेगी। देश हित और जनहित को देखते हुए कंपनी ने ऑलवेदर रोड का निर्माण कार्य फिलहाल शुरू कर दिया है।
-नरेंद्र चौहान, वाइस चेयरमैंन, आरजीबीईएल

पूर्णागिरि मार्ग भी बंद होने से श्रद्धालु परेशान

टनकपुर। टनकपुर पूर्णागिरि मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने व पत्थर व मलबा आने से मार्ग बंद है। जिसके कारण पैदल आ रहे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। पूर्णागिरि मार्ग के हनुमान चट्टी के पास आए बड़े बोल्डरों को भले ही मशीन द्वारा हटा दिया गया है लेकिन अभी भी इस क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। अभी भी पैदल कुछ श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं जबकि स्थानीय प्रशासन द्वारा पूर्णागिरि मार्ग के बूम बैरियर चौक से आगे वाहनों और पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है लेकिन फिर भी श्रद्धालु
प्रशासन के नियमों को ताक में रखकर आवाजाही कर रहे हैं। इधर उप जिलाधिकारी हिमांशु कफलटिया ने बताया कि बूम चौकी के आगे आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।उन्होंने कहा कि अभी भी पूर्णागिरि मार्ग में पत्थर मलबा आ जाने से मार्ग बंद हो रहा है जिससे खतरा बना हुआ है।उन्होंने श्रद्धालुओं और लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही न करने की सलाह दी है।

संबंधित समाचार