भीमताल: सीडीओ के निरीक्षण में नदारद मिले उद्यान- पंचायती राज के अधिकारी-कर्मी
भीमताल, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण में उद्यान व पंचायती राज के अधिकारी-कर्मचारी गैर हाजिर मिले। सीडीओ ने पंचायती राज के दो कर्मचारियों के वेतन बिना अनुमति के नहीं जारी करने और उद्यान अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। गुरुवार को सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने विकास भवन के विभिन्न विभागों के कार्यालयों …
भीमताल, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण में उद्यान व पंचायती राज के अधिकारी-कर्मचारी गैर हाजिर मिले। सीडीओ ने पंचायती राज के दो कर्मचारियों के वेतन बिना अनुमति के नहीं जारी करने और उद्यान अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
गुरुवार को सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने विकास भवन के विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पंचायती राज कार्यालय से पंचायतराज अधिकारी गायब मिले। वहीं कनिष्ठ सहायक सत्येद्र सिंह रावत के पिछले दो-तीन माह और कनिष्ठ सहायक रश्मि बाला के पिछले चार-पांच दिन से उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इस पर सीडीओ ने दोनों कर्मचारियों को गैर हाजिर मानते हुए इनका वेतन उनकी अनुमति के बिना आहरित नहीं करने के निर्देश दिए। फिर सीडीओ डॉ. तिवारी उद्यान कार्यालय पहुंचें। यहां मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। उन्होंने मुख्य उद्यान अधिकारी से इस बाबत स्पष्टीकरण मांगा है।
सीडीओ डॉ. तिवारी ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को समय से हाजिर होने, नियमित तौर पर उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने व अधिकारियों को पंजिका का अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी भ्रमण से पूर्व भ्रमण कार्यक्रम स्वीकृत कराएगा। उन्होंने सभी कार्यालयों में कोविड-19 मानकों मास्क पहनने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल और सामाजिक दूरी बनाने के निर्देश भी दिए। सीडीओ ने शौचालय के निर्माण तेजी से पूरा करने के निर्देश ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दिए। इस दौरान उन्होंने ग्राम विकास, पशुपालन, सहकारिता, बचत, पंचायतीराज, उद्यान, अर्थ संख्या, महिला एंव बाल विकास, लघु सिंचाई, कृषि एंव ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
