लखनऊ: राजधानी फिर हुई शर्मशार, टेंपो चालक ने नर्सिंग की छात्रा को अगवा कर किया दुष्कर्म
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रदेश की राजधानी एक बार फिर शर्मसार हो गई। आज शुक्रवार सुबह कॉलेज जाने के लिए टेंपो में बैठी नर्सिंग की छात्रा का टेंपो चालक ने अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी चालक ने सुनसान स्थान पर स्थित दुकान में बंधक बनाकर युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रदेश की राजधानी एक बार फिर शर्मसार हो गई। आज शुक्रवार सुबह कॉलेज जाने के लिए टेंपो में बैठी नर्सिंग की छात्रा का टेंपो चालक ने अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी चालक ने सुनसान स्थान पर स्थित दुकान में बंधक बनाकर युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मामले में पीड़ित छात्रा ने काकोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महाराजगंज क्षेत्र अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवती नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
शुक्रवार सुबह वह प्रतिदिन की भांति कॉलेज जाने के लिए निकली। उसने कॉलेज जाने के लिए टेंपो ले लिया। टेंपो में कुछ अन्य सवारियां भी थीं लेकिन वे कुछ आगे जाने पर उतर गईं। इसके बाद सुनसान जगह देखकर चालक ने छात्रा का अपहरण कर लिया। इस दौरान छात्रा ने चीखपुकार मचाई लेकिन सुनसान जगह होने के कारण कोई उसकी चीख नहीं सुन सका। अपहरण करने के बाद चालक छात्रा को एक दुकान में ले गया और बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक शिकायत करने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
किसी प्रकार छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। घटना की जानकारी पर परिवार में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन परिजन छात्रा को लेकर काकोरी थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित छात्रा का मेडिकल कराया है। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस का कहना है कि छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म की वारदात का मामला सामने आया है। छात्रा का मेडिकल कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस घटना को लेकर लोगों में बड़ा आक्रोश है और दोषी की जल्द गिरफ्तारी और कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। कहते हैं कि ऐसे तो छात्राओं और युवतियों को घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा।
