हल्द्वानी: पानी न आने से भड़के गौलापार के लोग तो इधर बनाया किल्लत को दूर करने के लिए कंट्रोल रूम
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार में पेयजल की किल्लत चल रही है। नवाड़ खेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को लो वोल्टेज के चलते पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। इससे नाराज लोगों ने सड़क पर खाली बाल्टी रखकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल कि किल्लत से यहां हजारों की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार में पेयजल की किल्लत चल रही है। नवाड़ खेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को लो वोल्टेज के चलते पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। इससे नाराज लोगों ने सड़क पर खाली बाल्टी रखकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल कि किल्लत से यहां हजारों की आबादी परेशान है।
सरकारी महकमों में कई बार शिकायत दर्ज करा दी है लेकिन इसके बाद समस्या जस की तस बनी हुई है। इस मौके पर शिवपाल, आशु, खेम पाल, इंदिरा देवी, गोपाल सिंह, सुंदर सिंह, हीरा बिष्ट, विमला देवी, बीना बिष्ट, शांति देवी, किशन सिंह, बच्ची सिंह आदि मौजूद रहे।
इधर, लो वोल्टेज की समस्या के चलते शुक्रवार को हल्द्वानी के नरसिंह तल्ला, नरसिंह मल्ला, हरिपुर तल्ला, हरिपुर मल्ला, ब्लॉक नलकूप नहीं चल पाए। इससे यहां के लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। पानी के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। इधर खेलपुर गांव में नलकूप की मोटर भी फूंक गई है। इस मोटर को 16 जुलाई को ही बदला गया था। कम समय में ही यह मोटर दोबारा खराब हो गई।
पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए बनाया कंट्रोल रूम
हल्द्वानी। पेयजल किल्लत से हजारों लोग जूझ रहे हैं। शहर व आसपास के कई इलाकों में पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। लोगों की समस्या के समाधान के लिए जल संस्थान हल्द्वानी में वाटर कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि वाटर कंट्रोल रूम के लिए 05946-220776 नंबर जारी किया गया है। पानी की समस्या होने पर लोग इस पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। जलसंस्थान उनकी समस्या का समाधान करेगा। बताया कि इस नंबर पर जलसंस्थान का टैंकर भी मंगाया जा सकता है। सुबह 8 से रात 8 बजे तक कंट्रोल रूम संचालित होगा। इसमें तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बताया कि शिकायत दर्ज कराने पर कंट्रोल रूम में बैठा व्यक्ति संबंधित क्षेत्र के जेई को अवगत कराएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत रजिस्टर की वह खुद समीक्षा भी करेंगे।
