हल्द्वानी: भाजपा सरकार पर ग्रामीणों ने लगाए आरोप, अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीमताल विधान सभा में विकास योजनाओं के शासनादेश होने के बावजूद काम न होने पर पूर्व विधायक ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ग्रामीणों के साथ अर्धनग्न प्रदर्शन किया और सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाया। 15 दिनों के भीतर निस्तारण न होने पर खनस्यूं तहसील में आमरण अनशन पर बैठने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीमताल विधान सभा में विकास योजनाओं के शासनादेश होने के बावजूद काम न होने पर पूर्व विधायक ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ग्रामीणों के साथ अर्धनग्न प्रदर्शन किया और सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाया। 15 दिनों के भीतर निस्तारण न होने पर खनस्यूं तहसील में आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी।
शनिवार को पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी के नेतृत्व में विस क्षेत्र के ग्रामीण हल्द्वानी पहुंचे और यहां बुद्ध पार्क में धरने पर बैठ गए। इस दौरान पूर्व विधायक और ग्रामीणों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक ने कहा कि वर्ष 2015-16 में खनस्यूं में तहसील स्वीकृत हुई थी। लेकिन आज तक तहसील में कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई है। इसी तरह भीमताल ब्लाक के हैड़ाखान और ओखलकांडा ब्लाक के ढोलीगांव में आईटीआई, भीड़ापानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धारी में इंजीनियरिंग कॉलेज, रामगढ़ में उपतहसील और डिग्री कॉलेज का जीओ जारी हो चुका है।
लेकिन इन शासनादेशों पर कोई अमल नहीं किया गया है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत खराब है। पर इस ओर ध्यान नहीं दिया रहा। विकास कार्य अवरुद्ध होने से जनता में आक्रोश है। उन्होंने भाजपा सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाया। कहा कि विकास में रुकावट नहीं हटी तो 15 अगस्त से आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व विधायक ने शासनादेशों पर कार्यवाही न होने संबंधी एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को भेजा। इसमें आमरण अनशन की चेतावनी दी गई है।
अर्धनग्न प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
दीवान सिंह मटियाली, केडी रुबाली, विजय बोरा, कुंवर मटियाली, सुंदर बर्गली, चंदन मेहता, सोबन सिंह चिलवाल, योगेश चिलवाल, प्रदीप चिलवाल, मदन गौनिया, कुंदन नयाल, राहुल चिलवाल, सुंदर नगदली, मुकेश परगाई आदि थे।
गौरव
