बागेश्वर: जगह-जगह आया मलवा, वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक
बागेश्वर, अमृत विचार। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बागेश्वर जिले में दर्जन भर से अधिक सड़क मार्ग आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हैं। कई मोटर मार्ग दो सप्ताह बाद भी नहीं खुल पाए हैं तो करीब आठ सड़कें रविवार को फिर भारी बारिश के चलते यातायात के लिए अवरूद्ध …
बागेश्वर, अमृत विचार। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बागेश्वर जिले में दर्जन भर से अधिक सड़क मार्ग आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हैं। कई मोटर मार्ग दो सप्ताह बाद भी नहीं खुल पाए हैं तो करीब आठ सड़कें रविवार को फिर भारी बारिश के चलते यातायात के लिए अवरूद्ध हो गए हैं। जिससे जिले की करीब चालीस हजार की आबादी सीधे प्रभावित हो रही है।
हरेला पर्व के बाद से पर्वतीय जिलों में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार को भी जिले के अनेक स्थानों पर जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण पूरे जिले में करीब तेरह मार्गों की रफ्तार पर पूरी तरीके से ब्रेक लगा हुआ है। जहां तहां वाहन और उनमें सवार यात्री रविवार को भी घंटों जाम में फंसे रहे।
कई स्थानों पर दैनिक उपयोग की वस्तुओं की सप्लाई ना होने के कारण अब लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश दानू ने कहा कि कपकोट और गरूड़ ब्लॉक में सड़कें कई दिनों से अवरूद्ध हैं और लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसके बाद भी सड़क मार्गों को दुरुस्त करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा है कि हर साल बरसात के मौसम में जिले के लोगों को इन समस्याओं से दो चार होना पड़ता है। लेकिन इस समस्या को ठोस हल निकालने में सरकारी तंत्र हमेशा बौना ही साबित होता है। जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ता है।
