बरेली: कैंट क्षेत्र में संवरने लगी सिविल बाहुल्य इलाकों की सूरत
बरेली, अमृत विचार। छावनी परिषद क्षेत्र के सिविल बाहुल्य कॉलोनियों व मोहल्लों की दशा सुधरने लगी है। कॉलोनियों में नाली, सड़क और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर संवारा जा रहा है। कुल नौ कॉलोनियों में सौंदर्यीकरण होना है जिनमें पांच कॉलोनियों व मोहल्लों में सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है। कैंट बोर्ड का रक्षा संपदा …
बरेली, अमृत विचार। छावनी परिषद क्षेत्र के सिविल बाहुल्य कॉलोनियों व मोहल्लों की दशा सुधरने लगी है। कॉलोनियों में नाली, सड़क और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर संवारा जा रहा है। कुल नौ कॉलोनियों में सौंदर्यीकरण होना है जिनमें पांच कॉलोनियों व मोहल्लों में सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है।
कैंट बोर्ड का रक्षा संपदा विभाग अहिर कॉलोनी, धोपा मंदिर सहित आस-पास के सिविल बाहुल्य क्षेत्रों में करीब 40 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण का कार्य करा रहा है। पूर्व में कई वर्षों से इन क्षेत्रों में गंदगी के अंबार लगे थे जिससे गंभीर संक्रामक बीमारियों के होने का खतरा बना रहता था। बोर्ड कॉलोनी की उधड़ी सड़कों को दुरुस्त करा रहा है। लगभग एक किमी से ज्यादा दूरी वाली जर्जर सड़कों को उधेड़कर फ्लोर टाइल बिछाए जा रहे हैं।
पक्की नालियों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि बरसात में जलजमाव न हो। जर्जर पड़ीं स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कर सुचारु करा दिया गया है। जरूरत के अनुसार कुछ नई लाइटें भी लगवाई गई हैं। वर्तमान में धोपा मंदिर के पास की गली में सड़क पर फ्लोर टाइलों को बिछाने का काम जारी है। इसके पूर्ण होते ही पास की गलियों में टाइल बिछाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक एक हफ्ते के भीतर सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
बोर्ड की लोगों से सफाई रखने की अपील
इन क्षेत्रों में लोग पालतू व दुधारू पशुओं को ज्यादातर पालते हैं जिस कारण क्षेत्र में गंदगी फैली रहती है। नालियों में गोबर, भूंसा होने से नालियों में गंदगी जमा हो जाती है। ऐसे में यहां अनेक प्रकार की बीमारियों के फैलने की आशंका रहती है। इसलिए आसपास के क्षेत्रों में विभागीय अधिकारी साफ-सफाई रखने की अपील कर रहे है ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया हो सकें।
लोगों को गंदगी से निजात दिलाने के लिए इन क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। आधे से ज्यादा क्षेत्रों का काम लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। -आर के माहेश्वरी, बरेली कैंट बोर्ड
बरेली: डोरस्टेप बैंकिंग सेवा का इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक वसूलेगा शुल्क
