हल्द्वानी: कांग्रेस ने क्यों की तहसीलदार को बर्खास्त करने की मांग, पढ़िए पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने तहसीलदार नितेश डागर की कार्यप्रणाली को लेकर तहसील का घेराव किया और तहसीलदार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर अड़ गए। गुस्साए कांग्रेसियों ने तहसीलदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह मौके पर पहुंचीं और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर कांग्रेसियों ने …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने तहसीलदार नितेश डागर की कार्यप्रणाली को लेकर तहसील का घेराव किया और तहसीलदार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर अड़ गए। गुस्साए कांग्रेसियों ने तहसीलदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह मौके पर पहुंचीं और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

सोमवार को एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश ने उम्रभर निर्बल वर्ग के लिए काम किया।  डॉ. हृदयेश ने निधन से पूर्व हल्द्वानी विस के दर्जनों लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद आवंटित कराई थी। उनकी मौत के बाद इन लोगों के चेक हल्द्वानी तहसील पहुंचे। तहसीलदार ने नियमों के खिलाफ जाकर ये चेक भाजपा के एक नेता को मुहैया करा दिए।

जब  उन्हें इस प्रकरण का पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया और तहसीलदार नितेश डागर से नाराजगी जाहिर की। तब तहसीलदार ने मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आने और राजनीतिक दबाव का हवाला दिया। इस पर सुमित हृदयेश ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस बाबत वार्ता तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। सीएम धामी ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री या मुख्यमंत्री कार्यालय से तहसीलदार को फोन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि एक राजपत्रित अधिकारी का इस कृत्य में शामिल होने की भर्त्सना करते हैं। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि भाजपा हिटलरशाही पर उतर गई है। शासकीय कार्यों में भी हस्तक्षेप कर रही है।

महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष  व पार्षद नीमा भट्ट ने कहा कि तहसीलदार का यह काम पूरी तरह से महिला शक्ति अपमान है। यदि स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश के कार्यो का कोई श्रेय लेना चाहेगा तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

गुस्साए कांग्रेसियों ने तहसील का घेराव करते हुए तहसीलदार नितेश डागर के खिलाफ जमकर  नारेबाजी की। उन्होंने तहसीलदार को बर्खास्त किए जाने की मांग की। गुस्साए कांग्रेसी तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई पर अड़ गए। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह मौके पर पहुंचीं और नियमानुसार कार्रवाई कर चेक प्रशासन स्तर पर वितरित करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोग माने।

इस दौरान एडवोकेट गोविंद बिष्ट, हरेंद्र बोरा, मंजू तिवारी, संध्या डालाकोटी, जया कर्नाटक, राजो टंडन, भगवती जोशी, शशि वर्मा, डॉ. मयंक भट्ट, सौरभ भट्ट, जगमोहन बगड़वाल, सुहैल सिद्दीकी, गोविंद बगड़वाल, हेम दुर्गापाल, गोविंद सिंह बिष्ट, अब्दुल, नरेश अग्रवाल, बहादुर बिष्ट, महेश राणा, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, संजय रावत, हेमन्त साहू आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार