काशीपुर: बेटे के साथ मिलकर घोंटा भाई का गला और लटका दी लाश
काशीपुर, अमृत विचार। तकरीबन सवा तीन महीने पहले नासिर की लाश उसी के कमरे में फंदे से लटकती पाई गई थी। तब यही माना जा रहा था कि नासिर ने फांसी लगाकर जान दी है, लेकिन नासिर के बड़े भाई शाकिर को आत्महत्या पर भरोसा नहीं था। उसने पुलिस को तहरीर दी और जब तफ्तीश शुरू …
काशीपुर, अमृत विचार। तकरीबन सवा तीन महीने पहले नासिर की लाश उसी के कमरे में फंदे से लटकती पाई गई थी। तब यही माना जा रहा था कि नासिर ने फांसी लगाकर जान दी है, लेकिन नासिर के बड़े भाई शाकिर को आत्महत्या पर भरोसा नहीं था। उसने पुलिस को तहरीर दी और जब तफ्तीश शुरू हुई तो चौंकने वाला खुलासा हुआ।
शाकिर का शक सही था और पता ये लगा कि नासिर ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि पूरी सोची समझी साजिश के तहत पहले उसका कत्ल किया गया और फिर हत्या का आत्महत्या दिखाने के लिए लाश को उसी के कमरे में फंदे से लटका दिया गया। ये सनसनीखेज वारदात की साजिश रचने वाले नासिर की अपनी बहन अख्तरी और भांजा मोनिस था। कत्ल की वजह नासिर की वो जमीन थी, जिसे वो अपने बड़े भाई शाकिर की बीवी को देना चाहता था और यही बात हत्यारोपी बहन को खटकने लगी थी।
बीते अप्रैल माह में लक्ष्मीपुरपट्टी निवासी नासिर का झोपड़ी के अंदर फांसी के फंदे से लटका शव मिला था। 23 अप्रैल को मृतक के भाई शाकिर ने नासिर की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों समेत करीब आधा सैकड़ा लोगों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में पता चला कि मृतक नासिर और उसकी बहन अख्तरी आमने-सामने रहते थे। अख्तरी के साथ उसका बेटा मोनिस भी रहता था। मृतक जिस स्थान पर रहता था, वह वहां इमामबाड़ा बनाना चाहता था। नासिर की अंतिम इच्छा थी कि उसकी कब्र भी उसी स्थान पर बनें, जहां वह रहता है। इसके अलावा मृतक नासिर का जो कमरा उसकी बहन अख्तरी के बगल में था, वह मृतक अपने भाई की पत्नी को देना चाहता था और यही बात अख्तरी को खटक रही थी।
अख्तरी अपने पुत्र मोनिस की शादी के टूटने की वजह भी मृतक का अपनी जमीन पर इमामबाड़ा बनाने को मानती थी। घटना के दिन रमजान का महीना चल रहा था। सुबह चार बजे पड़ोसी शानू मृतक नासिर से मिलने जा रहा था, लेकिन अख्तरी ने नासिर के सोने की बात कहकर शानू को वापस भेज दिया गया। इसके अलावा अन्य लोगों ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि अख्तरी व मोनिस सुबह से ही उठे हुए थे और दोनों के घरों के बीच का दरवाजा भी खुला था।
इससे पुलिस का शक अख्तरी पर और गहरा गया। जिसके बाद पुलिस ने अख्तरी और मोनिस से पूछताछ शुरू की। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की भरसक कोशिश की, लेकिन सच छिप नहीं पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और बताया कि वह नासिर की पूरी जमीन पर अपना अधिकार करना चाहते थे। जिसके चलते उन्होंने रात में नासिर की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप दे दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गम्छा बरामद कर लिया। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली जीबी जोशी, एसएसआई देवेंद्र गौरव, एसआई ओमप्रकाश, रविंद्र बिष्ट, कांस्टेबल दीवान बोरा, सुरेंद्र सिंह, जगदीश फर्त्याल आदि मौजूद थे।
