टनकपुर: देवीधुरा महाविद्यालय में हो रही केवल बीए की पढ़ाई, गुस्साए छात्रों ने कही ये बात…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। मौजूदा समय में कुमाऊं यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालयों की स्थिति बेहतर नहीं हो पाई है। कई महाविद्यालयों में कहीं प्रवक्ताओं का टोटा है तो कहीं विषयों का अभाव बना हुआ है। वहीं चम्पावत जनपद के देवीधुरा महाविद्यालय में भी तमाम समस्याएं सामने उभर कर आई है इसको लेकर छात्रों …

टनकपुर, अमृत विचार। मौजूदा समय में कुमाऊं यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालयों की स्थिति बेहतर नहीं हो पाई है। कई महाविद्यालयों में कहीं प्रवक्ताओं का टोटा है तो कहीं विषयों का अभाव बना हुआ है। वहीं चम्पावत जनपद के देवीधुरा महाविद्यालय में भी तमाम समस्याएं सामने उभर कर आई है इसको लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है।

देवीधुरा महाविद्यालय की तमाम समस्याओं को लेकर छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षामंत्री को ज्ञापन भेज उसका शीघ्र निस्तारण किए जाने की पुरजोर वकालत की है। छात्रों का कहना है कि वह लंबे समय से कॉलेज की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आश्वासन के बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे पठन-पाठन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि एक वर्ष पूर्व राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा की मूलभूत सुविधाओं के लिए छात्रसंघ के बैनर तले छात्रों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन और क्रमिक अनशन के बाद आमरण अनशन तक किया था। तब शासन-प्रशासन ने शीघ्र महाविद्यालय की जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए अनशन समाप्त कराया था। इन समस्याओं का निस्तारण न होने से छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कहा कि वर्ष 2014 से संचालित हो रहे महाविद्यालय में अब तक एक मात्र बीए की कक्षाएं ही चल रही हैं, जबकि यहां देवीधुरा के अलावा नैनीताल एवं अल्मोड़ा जिलों के सीमावर्ती गांवों से भी छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। छात्र-छात्राओं को बीए करने के बाद पढ़ाई के लिए अन्यत्र जाना पड़ रहा है।

छात्रों ने शीघ्र देवीधुरा महाविद्यालय में एमए, बीएससी, एमएससी, बीकॉम, एमकॉम की कक्षाओं का संचालन शुरू करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन भेजने वालों में छात्रसंघ सचिव चेतन चम्याल, पंकज कुमार, हिमांशु जोशी, भास्कर जोशी, प्रियंका, ममता, सुनीता, सुमन, सूरज बिष्ट आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार