हल्द्वानी: विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर एसपी दफ्तर में हंगामा, भाई ने किया लाइव फेसबुक प्रसारण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। चोरगलिया के तारानवाड़ में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर मृतका के भाई ने एसपी सिटी दफ्तर में हंगामा काटा। पीड़ित पक्ष ने चोरगलिया थाना पुलिस को बहन की मौत का जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही पुलिस पर आरोपियों को बचाने की कोशिश करने और कार्रवाई-जांच में लापरवाही का आरोप लगाया। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। चोरगलिया के तारानवाड़ में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर मृतका के भाई ने एसपी सिटी दफ्तर में हंगामा काटा। पीड़ित पक्ष ने चोरगलिया थाना पुलिस को बहन की मौत का जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही पुलिस पर आरोपियों को बचाने की कोशिश करने और कार्रवाई-जांच में लापरवाही का आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही कार्रवाई की मांग की।

सोमवार दोपहर बहुद्देशीय भवन में एसपी सिटी से मिलने अपनी मां भगवती देवी के साथ पहुंचे कमलुवागांजा निवासी कमल चंद्र कफल्टिया ने पुलिस पर कार्रवाई और जांच में लापरवाही और बहन की हत्या के मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि बहन पुष्पा को पति और ससुरालियों ने जहर देकर मार दिया। इससे पहले लंबे समय तक विवाहिता का दहेज के लिए उत्पीड़न किया। जुड़वा बेटियां होने के बाद उससे मारपीट की जाती थी। 24 जून 2020 को पुष्पा ने अपनी मां को फोन कर पति और ससुरालियों से जान का खतरा बताया था।

इसके बाद भाई ने डायल 112 में कॉल कर मदद मांगी थी। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने बहन की मदद नहीं की। आखिरकार 28 जून को पति और ससुरालियों ने उसे जहर दे दिया। पांच जुलाई को विवाहिता की बरेली के अस्पताल में मौत हो गई। कमल का आरोप है कि पुलिस त्वरित कार्रवाई करती तो बहन की जान नहीं जाती। युवक ने एसओ समेत जिम्मेदारी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही खुद को भी खतरा बताया और सुरक्षा मांगी।

हंगामे का किया लाइव फेसबुक प्रसारण
हल्द्वानी। बहन की मौत को लेकर हंगामा करने वाले भाई ने पूरे घटनाक्रम का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया। युवक पुलिस पर आरोप लगाने के साथ ही इंसाफ मांग रहा था। उसने एसपी सिटी से जिम्मेदारी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी दफ्तर में हंगामा होने पर कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और युवक को समझाने लगे। लेकिन वह नहीं माना। इस पर पुलिस कर्मियों ने भी उसके हंगामे की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। करीब एक घंटा तक बहुद्देशीय भवन में हंगामा चलता रहा। बाद में युवक अपनी मां के साथ वापस लौट गया। इधर, युवक का कहना है कि एसपी ने उसकी सुनवाई नहीं की और प्रार्थना पत्र फेंककर चलते बने। इस मामले में एसपी सिटी का कहना है कि विवाहिता की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पुलिस जांच चल रही है। युवक को इस संबंध में समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
गौरव

संबंधित समाचार