बाजपुर: बच्चों के लिए मोमो लेकर लौट रहे किसान को ट्रैक्टर ने रौंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। एक किसान बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। जिसकी जानकारी से स्वजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ही परिवार के लोग घायल को निजी चिकित्सालय ले गए। जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। …

बाजपुर, अमृत विचार। एक किसान बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। जिसकी जानकारी से स्वजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ही परिवार के लोग घायल को निजी चिकित्सालय ले गए। जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

ग्रामसभा बेरिया दौलत के अंतर्गत ग्राम कल्याणपुरी (पक्का फार्म) निवासी करनैल सिंह (52) पुत्र अजीत सिंह सोमवार की देर रात अपने खेत से बाइक पर घर वापस लौट रहे थे। उन्होंने बेरिया बाजार से बच्चों के लिए मोमो भी खरीदे थे।

इसी बीच रात करीब साढ़े 8 बजे फार्म हाउस के नजदीक ही बेरिया दौलत-महोली जंगल मार्ग पर बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने अनियंत्रित होकर किसान की बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बुरी तरह घायल हुए करनैल सिंह को स्वजन नगर के एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस पर परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए बाहर लेकर जा रहे थे कि उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इसकी जानकारी से स्वजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजनों को सौंप दिया। मंगलवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया है।

बच्चों की फरमाइश पर बेरिया बाजार से खरीदे थे मोमो

बाजपुर। खेती-किसानी करके परिवार पाल रहे करनैल सिंह मेहनतकश किसान थे। वह अपने पीछे पत्नी अमरजीत कौर के साथ ही चार बेटियां व दो बेटे (इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है) को छोड़ गए हैं। अचानक हुए हादसे से परिवार के लोग गहरे सदमें में हैं। पत्नी अमरजीत कौर पति को याद करके बार-बार बेहोश हो जा रही थी। बताया जाता है कि करनैल सिंह अपने बच्चों से बहुत प्यार करते थे और उनकी फरमाइश पर बेरिया के बाजार से उनके लिए मोमो लेकर घर जा रहे थे कि फार्म हाउस से मात्र 50 मीटर की दूरी पर यह हादसा हो गया। स्वजन व अन्य ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे आरोपित चालक वाहन समेत मौके से फरार हो चुका था।

किसान आंदोलन में भी सक्रिय थे करनैल

बाजपुर। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में भी करनैल सिंह सक्रिय भूमिका में थे। वह आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए समय-समय पर गाजीपुर बॉर्डर पर आ-जा रहे थे। हमेशा खुश मिजाज व सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की वजह से समाज में भी उनकी अलग पहचान थी। किसानों को भी हादसे में साथी के खोने का गम है जिन्होंने मृतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

संबंधित समाचार