टनकपुर: सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाएं प्रभावी कदम-संधू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। मुख्य सचिव एसएस संधू ने चम्पावत के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वीसी के माध्यम से उन्होंने जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी हासिल की। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को …

टनकपुर, अमृत विचार। मुख्य सचिव एसएस संधू ने चम्पावत के जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वीसी के माध्यम से उन्होंने जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी हासिल की।

एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवर लोडिंग पर नकेल कसी गई है। इसके अलावा खटारा हो चुके वाहनों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं है। कहा कि चम्पावत जिले में वर्ष 2020 में पांच सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु हुई थी जबकि आठ लोग घायल हुए थे।

इस वर्ष जून माह तक पांच दुर्घटनाओं मे दो लोगों की मृत्य हुई है तथा पांच लोग घायल हुए हैं। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने बताया कि जिले के पर्वतीय इलाकों में सड़कों का संकरा होना दुर्घटना का मुख्य कारण रहता है। मानसून काल में पत्थर गिरने और सड़कों के धंसने के चलते भी सड़क दुर्घटनाएं होती हैं।

प्रशासन द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने चम्पावत जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए इसके लिए सड़कों का रखरखाव ठीक करने और ड्राइविंग व्यवहार में परिवर्तन आने पर भी बल दिया। कहा कि लाइसेंस प्रक्रिया में दलालों की दखल पर सख्त प्रतिबंध लगाएं।

उन्होंने आरटीओ को नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती से रोक लगाने तथा ओवर स्पीड एवं नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, एआरटीओ रश्मि भट्ट, एनएच के ईई एलडी मथेला, लोनिवि के ईई एमसी पलडिय़ा, प्रांतीय खंड के ईई महेश चंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार