बिजनौर: ग्रामीणों ने डीलर के विरोध में किया प्रदर्शन, राशन हड़पने का आरोप
बिजनौर/धामपुर, अमृत विचार। सरकार की सख्ती के बाद भी कई स्थानों पर राशन डीलर मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मकसूदपुर गांव में भी सामने आया है। यहां के ग्रामीणों ने राशन डीलर पर राशन हड़पने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन …
बिजनौर/धामपुर, अमृत विचार। सरकार की सख्ती के बाद भी कई स्थानों पर राशन डीलर मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मकसूदपुर गांव में भी सामने आया है। यहां के ग्रामीणों ने राशन डीलर पर राशन हड़पने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा, जिसमें जांच करवा कर डीलर के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शुक्रवार को काफी संख्या में राशन कार्डधारक तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने डीलर के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस अवसर पर उनका कहना था कि जब वे राशन लेने जाते हैं, तो राशन डीलर मशीन में उनके अंगूठे लगवा लेता है। उसके बाद वैरीफाई न होने की बात कहते हुए उनसे बाद में आने की बात कह कर उन्हें टहला देता है।
बाद में कोई न कोई बहाना बना कर उन्हें टालता रहता है और उनके हिस्से का सारा राशन हड़प जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वे इसको लेकर उससे कुछ कहते हैं तो वह उनसे मारपीट पर उतर आता है तथा झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देता है। सबका कहना था कि मामले की जांच करवा कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
इसको लेकर उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारी के समक्ष शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद बिलाल अहमद, नफीस, नईमुद्दीन, इरफान मोहम्मद, यूनुस, शराफत हुसैन, मोहम्मद यामीन, जाहिद, अनीशा खातून, नफीसा खातून, सोमेंद्र कुमार, राजेश सिंह व हेमंत कुमार आदि उपस्थित रहे।
