बनबसा: बार्डर के कोरोना जांच केंद्र में स्टाफ की कमी से फैली अव्यवस्था
बनबसा, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित शारदा बैराज चौकी के पास बने कोरोना जांच केंद्र में स्टाफ की कमी के चलते अव्यवस्था फैल रही है। नतीजतन भीड़ अधिक होने पर कई नेपाली नागरिक बिना जांच कराए ही बनबसा पहुंच रहे है, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा फिर बढ़ने लगा है। देश में कोरोना की …
बनबसा, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित शारदा बैराज चौकी के पास बने कोरोना जांच केंद्र में स्टाफ की कमी के चलते अव्यवस्था फैल रही है। नतीजतन भीड़ अधिक होने पर कई नेपाली नागरिक बिना जांच कराए ही बनबसा पहुंच रहे है, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा फिर बढ़ने लगा है।
देश में कोरोना की दूसरी लहर समाप्त होने के बाद तीसरी लहर का खतरा बना हुआ है, जिससे बचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले की सीमा पर स्थित जगबूढ़ा पुल और नेपाल बार्डर स्थित शारदा बैराज चौकी के पास जांच केंद्र बनाकर प्रत्येक आने-जाने वाले की कोरोना एवं आईडी की जांच की जा रही है, लेकिन इन सबके बीच नेपाल सीमा पर स्थित जांच केंद्र में स्टाफ की कमी के चलते जमकर अव्यवस्था फैली हुई है, जिसका फायदा उठाते हुए कई नेपाली नागरिक बिना जांच कराए ही बनबसा पहुंच जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जांच केंद्र में पांच लोगों का स्टाफ तैनात किया गया है, जिसमें दो स्वास्थ्य कर्मी, दो शिक्षक और एक पीआरडी जवान शामिल है।
वहीं, कोरोना संक्रमण में कमी होने के बाद से भारत आने वाले नेपाली नागरिकों की संख्या काफी बढ़ी है। बताया जाता है कि रोजाना करीब दो हजार नेपाली नागरिक भारत आ रहे हैं। ऐसे में कम स्टाफ की वजह से नेपाली नागरिकों की भीड़ को नियंत्रित कर उनकी कोरोना जांच में काफी परेशानी हो रही है।
नेपाली नागरिकों की तीन माह से बार्डर पर कोरोना जांच हो रही है। पहले थर्मल स्कैनिंग की जाती है। संदेह होने पर रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाता है। रिपोर्ट नार्मल आने पर ही उसे भारत में प्रवेश करने दिया जाता है। इस काम में दो टीचर, दो स्वास्थ्य कर्मी और एक पीआरडी जवान की ड्यूटी लगाई गई है। स्टाफ की कमी तो है, बावजूद इसके बिना जांच के किसी को भी आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है। हो सकता है कि भीड़ अधिक होने पर एक-आध नेपाली नागरिक बिना जांच कराए निकल जा रहे हों, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।-डाॅ.उमर, नोडल अधिकारी
फिलहाल सीमा पर स्थित जांच केंद्र में पुलिस की कोई भूमिका नहीं है, लेकिन अगर वहां पर अव्यवस्था फैल रही है तो उसे सुधारने में पुलिस पूरा सहयोग करेगी। -धर्मवीर सिंह सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक, थाना बनबसा।
टैक्सी चालक वसूल रहे अतिरिक्त राशि
सीमा पर सवारी ढोने वाले कुछ टैक्सी चालक कोरोना और आईडी जांच के नाम का भय दिखाकर नेपाली नागरिकों से अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह आदि ने बताया कि टैक्सी चालकों को ऐसा नहीं कर चाहिए। ऐसा करने से भारत की छवि भी खराब हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नेपाली नागरिकों से अतिरिक्त राशि वसूलने वाले टैक्सी चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
