काशीपुर: सरिया से भरे ट्रक ने प्रोफेसर को कुचला, खटीमा में व्यापारी को भी ट्रक ने रौंदा, मौत
काशीपुर, अमृत वितार। कुंडा थाना क्षेत्र में सरिया से भरे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ग्लोबल इंस्टीट्यूट एसोसिएट प्रोफेसर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में ले …
काशीपुर, अमृत वितार। कुंडा थाना क्षेत्र में सरिया से भरे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ग्लोबल इंस्टीट्यूट एसोसिएट प्रोफेसर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
सहारनपुर रोड, छुटमुलपुर हरिद्वार निवासी अमन मित्तल (33) पुत्र अरविंद मित्तल यहां जसपुर रोड स्थित ग्लोबल इंस्टीट्यूट में एसोसिएट प्रोफेसर थे। काशीपुर में वह मानपुर रोड स्थित विश्वनाथ कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। रोजाना की तरह शनिवार सुबह वह बाइक से इंस्टीट्यूट जा रहे थे। सुबह करीब 9:45 बजे कुंडा थाना क्षेत्र में सरिया से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अमन मित्तल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कुंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही अमन के घर में कोहराम मच गया। यहां अमन अपनी पत्नी प्रिया मित्तल और पांच वर्षीय एक बेटे के साथ रहते थे। अमन के मूल आवास में भी घटनाक की सूचना दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
खटीमा में व्यापारी को ट्रक ने रौंदा
नगर के लोहियाहेड रोड पर शुक्रवार की रात टहल रहे एक व्यापारी को ट्रक ने रौंद दिया। व्यापारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार अमाऊं वार्ड संख्या 8 निवासी व्यापारी बाबूराम कुशवाहा (45) शुक्रवार की रात करीब 9.15 बजे लोहियाहेड रोड पर टहल रहे थे। इस बीच एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल बाबूराम को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। इधर, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया कि मृतक बाबूराम की घर के पास ही परचून की दुकान है। परिवार में पत्नी सुनैना देवी, पुत्र अमरजीत कुशवाहा, अनिल कुशवाहा व पुत्री सरोज है। व्यापारी की मौत से आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
