रुद्रपुर: विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस के पास – प्रीतम सिंह
रुद्रपुर, अमृत विचार। कांग्रेस के नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से परेशान हो चुकी है और अब उम्मीद भरी निगाहों से कांग्रेस की तरफ देख रही है। कहा कि प्रदेश के विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस …
रुद्रपुर, अमृत विचार। कांग्रेस के नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से परेशान हो चुकी है और अब उम्मीद भरी निगाहों से कांग्रेस की तरफ देख रही है। कहा कि प्रदेश के विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस के पास है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। प्रीतम सिंह पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
शनिवार को रुद्रपुर पहुंचने पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष करन मेहरा, नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, रंजीत रावत, जीत राम आर्य के अलावा जसपुर के विधायक आदेश चौहान, कैंपेनिंग कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, युवा कांग्रेस नेता प्रिंस एवं एआईसीसी के सेकेट्री काजी निजामुद्दीन का गाजे बाजों के साथ पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया और सभी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता में आने के लिए प्रदेशवासियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। उत्तराखंड को विकसित करने का खूब दम भरा गया लेकिन भाजपा के सारे वादे जुमले साबित हुए। आज लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं लेकिन भाजपा सरकार को इन सब बातों कोई सरोकार नहीं है।
किसानों का ऋण भी माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था लेकिन पूरी की पूरी सरकार ही भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश में वैक्सीनेशन की गति धीमी पड़ गई है और लोगों को इंतजार के बाद भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है। अब प्रदेश की जनता भाजपा के चुनावी जुमलों में फंसने वाली नहीं है। जनता ने सत्ता में बदलाव करने का मन बना लिया है और कांग्रेस बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। अन्य वक्ताओं ने कहा कि विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस के पास है। हजारों लोगों को सिडकुल के उद्योगों में जो रोजगार मिला है वह कांग्रेस सरकार की देन है। कार्यक्रम में कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोरा, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, हरीश पनेरू, पुष्कर राज जैन, सीपी शर्मा,ममता हाल्दार, गुरजीत सिंह गित्ते, पवन वर्मा, राजकुमार भुसरी, महबूब अंसारी, नारायण हालदार, हरिंदर पाल, श्यामल मण्डल, सोनू शर्मा, साबिर अहमद, शिशु पाल सिंह, उमा सरकार, मानस बैरागी, अबरार अंसारी आदि थे।
एनएसयूआई ने किया नेता प्रतिपक्ष का स्वागत
रुद्रपुर। एनएसयूआई की नगर रुद्रपुर इकाई ने छात्र नेता नितिन गक्खर के नेतृत्व में रुद्रपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रीतम सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 का चुनाव नजदीक है, इसके मद्देनजर सभी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर संगठन को मजबूत करें। इस दौरान एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष संजू कुमार, महानगर उपाध्यक्ष सुरुचि गक्खर, महानगर सचिव अमन जौहरी, छात्र नेता अंकित सैनी मौजूद थे।
