लखनऊ: कंपनी की लीगल एडवाइजर ही निकली फिरौती मांगने की मास्टरमाइंड, ऐसे हुआ खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। डिजिटल कंपनी के सीईओ को धमका कर रुपयों की वसूली करने की मुख्य सरगना कंपनी की लीगल एडवाइजर ही निकली। उसने अपने मंगेतर के साथ साजिश रचकर इस घटना को अंजाम दिया। इन दोनों ने कंपनी के सीईओ से 15 लाख रुपये की वसूली कर ली थी और 40 लाख रुपये और वसूलने के …

लखनऊ। डिजिटल कंपनी के सीईओ को धमका कर रुपयों की वसूली करने की मुख्य सरगना कंपनी की लीगल एडवाइजर ही निकली। उसने अपने मंगेतर के साथ साजिश रचकर इस घटना को अंजाम दिया। इन दोनों ने कंपनी के सीईओ से 15 लाख रुपये की वसूली कर ली थी और 40 लाख रुपये और वसूलने के लिए उसे धमकी भरे ई-मेल भेज रहे थे। हालांकि ये शातिर 40 लाख रुपयों की और वसूली कर पाते इससे पहले ही साइबर क्राइम सेल ने मामले का खुलासा कर दिया है।

इस मामले में साइबर क्राइम सेल ने जिस मोबाइल से मेल भेजी जा रही थी उसे जब्त करने के साथ ही दोनों अभियुक्तों को नोटिस जारी कर दिया है। एसपी साइबर क्राइम उत्तर प्रदेश प्रो. त्रिवेणी सिंह ने बताया कि ओटीटी प्लेटफार्म पर खुल जा सिम सिम, आंटा चक्की, कविता भाभी सहित अन्य वेब सीरीजों को रिलीज करनें से सम्बन्धित उल्लू डिजिटल टीवी के सीईओ व कार्यकारी निदेशक को मेल के जरिये धमकाकर पन्द्रह लाख रूपये वसूलनें और चालीस लाख रूपये की मांग करने के मामले का खुलासा हो गया है।

इस मामले में 10 जून को वादी शोभित सिंह कार्यकारी निदेशक द्वारा मेल के माध्यम से धमकाकर चालीस लाख रूपये मांगे जानें व पूर्व में धमकाकर पन्द्रह लाख रूपये अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उगी किये जाने के सम्बन्ध मामला दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान अभियुक्त द्वारा प्रयोग की जा रही मेल से सम्बन्धित डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए गए तो कई चौकाने वाले खुलासे हुए। जांच में सामने आया कि मेल कम्पनी के मुम्बई स्थित कार्यालय में कार्यरत कम्पनी की लीगल एडवाइजर हिना जाबिर बेग द्वारा भेजे जा रहे थे।

वह कम्पनी की लीगल एडवाइजर थी इस कारण वह कम्पनी के सीईओ को किस बात पर धमकाकर रुपये वसूल सकती है, यह बात भलिभांति जानती थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसने अपने मंगेतर के साथ साजिश रचकर रुपयों की वसूली करने का यह प्लान तैयार किया। वह पन्द्रह लाख रूपये यूएसए में रह रहे भारतीय व्यक्ति के एकाउण्ट के माध्यम से वसूलनें में कामयाब भी हो गये। उसके बाद उनके द्वारा चालीस लाख रूपये की और मांग की जा रही थी।

इस मामले में साइबर क्राइम सेल की टीम ने मुंबई पहुंचकर पूरे मामले दका खुलासा कर दिया। एसपी ने बताया कि दोनों शातिर ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो चुकी वेब सीरीजों में आपत्तिजनक कन्टेन्ट होनें सम्बन्धी आरोप लगाकर फर्जी मेल आईडी के माध्यम से धमकाकर रूपयों की ठगी कर लेते थे। इस मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल जब्त करने के साथ ही लीगल एडवाइजर व मुंबई निवासी हिना जाबिर बेग और उसके मंगेतर रुड़की निवासी अहमान रहमान को नोटिस जारी की है।

संबंधित समाचार