दावों में ही सिमट गया हल्द्वानी का विकास
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के प्रवेश द्वार ग्रीन सिटी हल्द्वानी का चौतरफा विकास करने के दावे तो खूब हुए, लेकिन समय के साथ-साथ ये दावों में ही सिमटकर रह गए। इनमें कुछ योजनाओं की उम्मीद तो बनते ही टूट गई। कुछ सिरे भी चढ़ीं तो राजनीति की भेंट चढ़ गईं। अब उत्तराखंड के युवा मुख्यमंत्री …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के प्रवेश द्वार ग्रीन सिटी हल्द्वानी का चौतरफा विकास करने के दावे तो खूब हुए, लेकिन समय के साथ-साथ ये दावों में ही सिमटकर रह गए। इनमें कुछ योजनाओं की उम्मीद तो बनते ही टूट गई। कुछ सिरे भी चढ़ीं तो राजनीति की भेंट चढ़ गईं। अब उत्तराखंड के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से यहां की जनता आस लगाए हुए है कि हल्द्वानी के विकास को जल्द पंख लगेंगे।
पर्यटन स्थल नैनीताल को जाने वाले पर्यटकों के लिए सरकारी होम स्टे हल्द्वानी में भी हो, इसके तहत कांग्रेस के समय में कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के प्रयास से हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर गौलापार काठगोदाम में बनाया जाना शुरू हुआ था। लेकिन वह भी सत्ता परिवर्तन के साथ पेंडिंग पड़ा हुआ है।
अंतरराज्यीय बस अड्डे की समस्या भी अभी तक नहीं सुलझी है। कभी गौलापार में तो कभी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पास अंतरराज्यीय बस अड्डा बनाने की चर्चाएं तो बहुत हुईं, लेकिन समय के साथ चर्चा बनकर ही रह गई और वास्तविकता का आज तक कुछ पता नहीं है और ना ही धरातल पर कोई काम दिखता है।
विकास के लिए यह हो सकता है
यदि हल्द्वानी का रोडवेज बस अड्डा, केएमओयू बस अड्डा एवं नैनीताल रोड स्थित टैक्सी स्टैंड तीनों एक ही स्थान पर आ जाएं तो हल्द्वानी के ट्रैफिक की 25 प्रतिशत
समस्या का समाधान हो सकता है। यदि हल्द्वानी स्थित तहसील परिसर में ही बहुमंजिला पार्किंग एवं तहसीलदार कार्यालय, उप जिलाधिकारी कार्यालय, सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय ,पटवारी के कार्यालय आदि सभी एक स्थान पर बना दिए जाएं, यानी एक ही बहुमंजिला भवन में काम करना शुरू कर दें तो लोगों को बहुत बड़ी सुविधा रहेगी। यही नहीं शहर में पार्किंग बनने से हल्द्वानी वासियों को भी राहत मिलेगी।
