बागेश्वर: कपूरी जंगल में नदी किनारे बंदूक लेकर सुअर का शिकार करने गए थे तीन दोस्त, एक को लगी गोली
बागेश्वर, अमृत विचार। जंगल में शिकार करने गए तीन दोस्तों में एक साथी की गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक के गले और चेहरे पर गोली के छर्रों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू …
बागेश्वर, अमृत विचार। जंगल में शिकार करने गए तीन दोस्तों में एक साथी की गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक के गले और चेहरे पर गोली के छर्रों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कांडा पुलिस के अनुसार भद्रकाली, कपूरी जंगल में नदी किनारे जंगली सुअर का शिकार करने के लिए गत शनिवार की देर शाम धपोलासेरा गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र सिंह पुत्र हयात सिंह अपने दो साथी संजय नगरकोटी पुत्र नंदन सिंह नगरकोटी और भदौरा गांव निवासी पवन धपोला पुत्र सुरेंद्र सिंह धपोला के साथ गया था, वह बंदूक भी साथ ले गए थे।
पुलिस के अनुसार गोली चलाते समय संभवत: रविंद्र सिंह उसके शिकार हो गए। थानाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि मृतक के गले के नीचे और चेहरे पर गोली के छर्रे के निशान हैं। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि संजय और पवन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अभी तक किसी के तरफ से तहरीर नहीं आई है। उन्होंने कहा कि घटना की सभी कोणों से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है। उधर, घटना के बाद मृतक परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
