हल्द्वानी: कुमाऊं में भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन, कई मार्ग बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के पर्वतीय एवं मैदानी इलाकों में पिछले 24 घंटे से भारी बरसात के चलते जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश से राज्य के कई जिलों में जलभराव व भूस्खलन से कई मार्ग बाधित हो गए हैं। कई गांवों और इलाकों का संपर्क भी कट गया है। पयर्टकों को इस दौरान …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के पर्वतीय एवं मैदानी इलाकों में पिछले 24 घंटे से भारी बरसात के चलते जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश से राज्य के कई जिलों में जलभराव व भूस्खलन से कई मार्ग बाधित हो गए हैं। कई गांवों और इलाकों का संपर्क भी कट गया है। पयर्टकों को इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में सड़क धंसने से कार खाई में गिरने से चालक देवेंद्र निवासी डोबरा गांव की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। थल-मुनस्यारी मार्ग पर भूस्खलन होने से यातायात बंद हैं। तवाघाट-सोबला-दारमा मार्ग 54 वें दिन भी नहीं खुल पाया है। तल्ला, मल्ला दारमा और चौदास घाटी का संपर्क कट गया है। इनके अलावा नैनीताल जिले में गर्जिया-बेतालघाट राज्यमार्ग, छिड़ाखान-अमजड़, देवीपुरा सौड़, पांडे गांव-तलिया, सिमलखेत-सनडामल्ला मोटर मार्ग बाधित हो गए।

नैनीताल में भारी बारिश से जहां स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानियां हुईं तो काठगोदाम और हल्द्वानी में गौला नदी, रकसिया नाला, कलसिया नाला उफान पर आने से शहर के कई इलाकों में जलभराव व घरों में पानी भर गया। कई मुख्य मार्ग तालाब बन गए। कई इलाकों में भीषण जाम की स्थिति भी बन गई। उधर, हल्द्वानी से एक बंदी को इलाज के लिए बंदी वाहन से ऋषिकेश एम्स ले जाया जा रहा था। ऋषिकेश में बाढ़ में बंदी वाहन फंस गया, जिसे बमुश्किल निकाला जा सका।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून के बदले मिजाज को देखते हुए कुमाऊं मंडल में अलर्ट जारी करते हुए जल पुलिस की तैनाती की गई है।

संबंधित समाचार