मुरादाबाद: बच्चा न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार शादी के तीन साल बाद भी बच्चा न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। महिला ने जब इलाज कराने के लिए कहा तो ससुरालियों ने उसके लिए भी इंकार कर दिया। बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। करीब पांच माह से मायके में रह रही …

मुरादाबाद,अमृत विचार शादी के तीन साल बाद भी बच्चा न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। महिला ने जब इलाज कराने के लिए कहा तो ससुरालियों ने उसके लिए भी इंकार कर दिया। बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। करीब पांच माह से मायके में रह रही महिला ने पुलिस से शिकायत की तो मामला नारी उत्थान केंद्र पहुंचा। जहां पर मंगलवार को सुलह-समझौते के बाद मामले को निपटाया गया, साथ ही ससुरालियों को आदेश दिया गया कि वह पहले महिला का उपचार कराएं।

कटघर थाना क्षेत्र के गोविंदनगर निवासी एक महिला ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। महिला का कहना था कि उसका विवाह करीब तीन साल पहले मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुआ था। युवक खेती-किसानी करता है। विवाह के वक्त मायके वालों ने पर्याप्त दहेज दिया था। महिला के अनुसार विवाह के बाद उसकी कोई संतान नहीं हुई।

वक्त बढ़ने के साथ ही संतान न होने पर ससुरालियों का उत्पीड़न भी बढ़ने लगा। आरोप है कि वह लोग दहेज के लिए भी प्रताड़ित करने लगे और पति का विवाह दूसरी जगह कराने की धमकी देने लगे। जबकि वह कई बार ससुरालियों से संतान के लिए इलाज कराने की बात कह चुकी है।

लेकिन वह लोग खर्च अधिक होने की बात कहकर टाल रहे हैं। एसएसपी ने यह मामला नारी उत्थान केंद्र भेज दिया था। मंगलवार को काउंसलर ने दोनों पक्षों को बुलाया। काउंसलर ऋतु नारंग ने बताया कि आपसी सुलह कराकर मामले को निपटा दिया गया है। वहीं ससुराली महिला का उपचार कराएंगे, अगर अब उत्पीड़न किया तो ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

संबंधित समाचार