रुद्रपुर: बीमा पॉलिसी के नाम 3.50 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति से बीमा पॉलिसी के नाम पर हुई 3.50 करोड़ की ठगी के मामले में एसटीएफ व साइबर क्राइम की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने ठगी के मास्टरमाइंड को दिल्ली एनसीआर से गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने उसके कब्जे से एक मोबाइल व …
रुद्रपुर, अमृत विचार। हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति से बीमा पॉलिसी के नाम पर हुई 3.50 करोड़ की ठगी के मामले में एसटीएफ व साइबर क्राइम की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने ठगी के मास्टरमाइंड को दिल्ली एनसीआर से गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने उसके कब्जे से एक मोबाइल व डेबिट कार्ड भी बरामद किया है। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के बाद संयुक्त टीम ने गिरोह के अन्य सदस्यों की सरगर्मी से तालाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हल्द्वानी के रहने वाले चंद्र प्रकाश जोशी ने एसटीएफ के देहरादून एसएसपी से शिकायत की थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रिलायंस लाइफ इंश्योरेन्स बीमा पॉलिसी पूर्ण होने पर रिलायंस प्रतिनिधी बनकर कॉल कर बोनस की धनराशि का प्रलोभन देकर उसके कई खातों में 3.50 करोड़ की धनराशि जमा कराकर ठगी की थी।
जिसका मुकदमा पंजीकृत करने के बाद एसएसपी एसटीएफ ने मामले की तफ्तीश कुमाऊं के अस्थाई साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। जिसके बाद थाना प्रभारी ललित मोहन जोशी एसटीएफ की तकनीकी टीम के साथ ठगों की तलाश में जुट गए। कई दस्तावेजों एवं मोबाइल लोकेशन को खंगालने के बाद एसटीएफ एवं साइबर क्राइम की संयुक्त टीम ने ललित गिरि निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश को दिल्ली एनसीआर के वसुंधरा गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला की ललित गिरि ही मास्टरमाइंड है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि देवेंद्र त्यागी उर्फ आदित्य त्यागी उर्फ विशाल त्यागी एवं सोनू गिरि निवासी इंद्रिरापुरम गाजियाबाद भी ठगी के इस धंधे में उसके साथ शामिल हैं। एसटीएफ एवं साइबर क्राइम की संयुक्त टीम दोनों की तालाश में जुट गई है।
