अल्मोड़ा: गैर जमानती वारंट पर विपक्ष हमलावर, मांगा इस्तीफा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जारी हुए गैर जमानती वारंट पर अब विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस ने कहा है कि उत्तराखंड में मंत्री रेखा आर्या अपने पति को अपने राजनीतिक रसूख के चलते बचाने का प्रयास कर रही हैं और भाजपा …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जारी हुए गैर जमानती वारंट पर अब विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस ने कहा है कि उत्तराखंड में मंत्री रेखा आर्या अपने पति को अपने राजनीतिक रसूख के चलते बचाने का प्रयास कर रही हैं और भाजपा की जीरो टोलरेंस की सरकार भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
नगर के एक निजी सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र बाराकोटी ने कहा है कि उत्तराखंड में बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ बरेली की एक अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किए हैं।
जिसके बाद पुलिस उन्हें तलाश भी कर रही है। लेकिन मंत्री आर्या की शह पर उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बाराकोटी ने कहा है कि डबल मर्डर के आरोपी गिरधारी लाल साहू को राजनीतिक रसूख का फायदा उठाकर उत्तराखंड प्रदेश में ही कहीं छिपाया गया है। लेकिन उत्तराखंड सरकार रेखा आर्या ने इस मामले में इस्तीफा मांगने के बजाय उन्हें अपना संरक्षण दे रही है।
बाराकोटी ने कहा है कि अपने आप को जीरो टालरेंस और मर्यादित पार्टी बताने वाली भाजपा का सच यह है कि मंत्री का पति गिरफ्तारी के लिए छिप रहा है और सरकार उसे और अपनी मंत्री को पूरा संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा कि मंत्री रेखा आर्या का पूरा ध्यान भ्रष्टाचार पर है। तभी उनकी विधानसभा के लोग बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे हैं। जिसका जवाब आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी देगी। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, पूरन रौतेला, तारा चंद्र जोशी, रॉबिन भंडारी आदि मौजूद रहे।
