अल्मोड़ा: सल्ट के मरचूला में अतिवृष्टि ने ढाया कहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड सल्ट के मरचूला क्षेत्र में शुक्रवार की रात जोरदार बारिश हुई। अतिवृष्टि के कारण जहां मरचूला से लेकर पौड़ी गढ़वाल के शंकरपुर तक का मार्ग भूस्खलन के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं करीब 22 घंटों तक कुमाऊं और गढ़वाल का संपर्क भंग रहा। वाहन जगह जगह जाम में …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड सल्ट के मरचूला क्षेत्र में शुक्रवार की रात जोरदार बारिश हुई। अतिवृष्टि के कारण जहां मरचूला से लेकर पौड़ी गढ़वाल के शंकरपुर तक का मार्ग भूस्खलन के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं करीब 22 घंटों तक कुमाऊं और गढ़वाल का संपर्क भंग रहा। वाहन जगह जगह जाम में फंस गए और यात्रियों को मलबे को पार कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
विकास खंड के मरचूला क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम से जोरदार बारिश शुरू हो गई थी। तेज बारिश का सिलसिला करीब दो तीन घंटे तक जारी रहा। बारिश के कारण नदी नाले उफान पर आ गए और जगह जगह भूस्खलन होने से करीब दस किलोमीटर के क्षेत्र में जगह जगह सड़कों पर भारी मलबा और बड़े बड़े बोल्डर आ गए।
रात्रि करीब आठ बजे के आसपास यह मार्ग आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हो गया। कुमाऊं और गढ़वाल का संपर्क पूरी तरह भंग हो गया और कई वाहन जगह जगह जाम में फंस गए। शनिवार को भी इस मार्ग पर घंटों आवाजाही बंद रही। नदी नालों ने विकराल रूप धारण कर लिया। बारिश के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गई जगहों पर नदी नालों के पास बने आवासीय भवनों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कुछ लोगों के घरों में उफनाए नालों के कारण बरसाती पानी के साथ आया मलबा घुस गया। मार्ग बंद होने की सूचना के बाद प्रशासन और आपदा की टीम ने शनिवार की सुबह बंद पड़े मार्ग से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। शनिवार को दिन भर जेसीबी मशीनें इस मार्ग पर आए मलबे को हटाने के प्रयास में जुटी रही। देर शाम करीब 22 घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल इस मार्ग को यातायात के लिए खोला जा सका। जिसके बाद अब लोगों ने राहत की सांस ली।
अल्मोड़ा : मरचूला शंकरपुर मार्ग पर जोखिम बरकरार 
अतिवृष्टि से तहस नहस हुए मरचूला शंकरपुर मोटर मार्ग को यातायात के लिए खोल तो दिया गया है। लेकिन सड़कों के टूटने के कारण वह काफी संकरी हो गई है। सड़कों के किनारे मलबा हादसों को दावत दे रहा है। प्रशासन ने लोगों को इस मार्ग पर सावधानी से वाहनों का संचालन करने की हिदायत दी है।
शनिवार को पैदल गंतव्य तक पहुंच लोग 
अल्मोड़ा। मरचूला शंकरपुर मोटर मार्ग पर शुक्रवार की रात से आवाजाही बंद होने के बाद शनिवार को भी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों का संचालन न होने के कारण लोग मलबे को पार कर पैदल ही गंतव्य तक पहुंचे। परिवार के साथ इस मार्ग पर यात्रा पर निकले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री अपना सामान कंधे और सिर पर ढोकर इधर उधर जाते दिखाई दिए।

संबंधित समाचार