हल्द्वानी: लापता व्यापारी की तलाश में दूसरे दिन भी पुलिस ने छाना जंगल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हल्द्वानी। लापता डंपर मालिक की तलाश में एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वायड की टीम ने भुजियाघाट में दूसरे दिन भी भुजियाघाट का जंगल छाना, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुभाषनगर निवासी डंपर मालिक पवन कन्याल (35) सोमवार शाम परिजनों से यह बताकर निकला था कि वह टीपीनगर जा रहा है। देर रात कारोबारी …

अमृत विचार, हल्द्वानी। लापता डंपर मालिक की तलाश में एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वायड की टीम ने भुजियाघाट में दूसरे दिन भी भुजियाघाट का जंगल छाना, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुभाषनगर निवासी डंपर मालिक पवन कन्याल (35) सोमवार शाम परिजनों से यह बताकर निकला था कि वह टीपीनगर जा रहा है। देर रात कारोबारी के घर नहीं पहुंचने पर पवन की मां धर्मा कन्याल ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।

सर्विलांस से जानकारी मिली कि व्यवसायी का मोबाइल भुजियाघाट में बंद हुआ था। पुलिस ने भुजियाघाट से कारोबारी की कार तो बरामद कर ली, लेकिन पवन का पता नहीं चला। पता चला कि पवन ने भुजियाघाट में कुछ दोस्तों के साथ बैठकर शराब भी पी थी।

तीसरे दिन एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ शांतनु पाराशर, कोतवाल मनोज रतूड़ी के साथ एसडीआरएफ, डॉग स्क्वायड की टीमें भुजियाघाट पहुंचीं। गुरुवार को दूसरे दिन भी भुजियाघाट और आसपास के जंगलों में कांबिंग की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

कर्ज देने वालों से भी पूछताछ
भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि पवन ने अपने दोनों डंपरों को बेच दिया था। कुछ लोगों से उसने पैसा लिया था। 16 अगस्त को पवन ने दोस्तों को मैसेज किया कि उसने खाते में पैसा डाल दिया है। लेकिन दोस्तों के खाते में पैसा नहीं आया। उसने व्हाट्सएप ग्रुप से खुद को अलग करने के बाद मोबाइल बंद कर लिया था। पवन के दोस्तों और कर्ज देने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस कई कोणों से जांच कर रही है।

संबंधित समाचार