रुद्रपुर: धार्मिक भूखंड पर कब्जा करने को लेकर भड़के हिंदूवादी संगठन
रुद्रपुर, अमृत विचार। गंगापुर रोड़ स्थित धार्मिक भूखंड पर सत्ताधारी व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने धार्मिक स्थल के महंत के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर सांकेतिक धरना दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने लोगों को समझाकर धरना समाप्त करवाया। विरोध कर …
रुद्रपुर, अमृत विचार। गंगापुर रोड़ स्थित धार्मिक भूखंड पर सत्ताधारी व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने धार्मिक स्थल के महंत के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर सांकेतिक धरना दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने लोगों को समझाकर धरना समाप्त करवाया। विरोध कर रहे लोगों ने कार्रवाई नहीं होने पर 23 अगस्त से भारी जनसमूह के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को सनकादिक तपोस्थली राधाकुंड मंदिर के महंत रामबालक दास हिंदूवादी संगठनों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और गेट पर सांकेतिक धरना दिया। जिसकी सूचना मिलने पर एसडीएम विशाल मिश्रा मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। लोगों का कहना है कि गंगापुर रोड पर सनकादिक सनातन ऋषि राधाकृष्ण गोशाला की भूमि है।
यहां पिछले सोलह सालों से महंत आश्रम की सेवा करते आ रहे हैं। यह मंदिर पौराणिक है। आरोप था कि कुछ सत्ताधारी नेताओं के दवाब में आकर नगर निगम द्वारा जबरन उस पर कब्जा करने की नीयत से भूखंड पर बने कुछ निर्माण कार्य ध्वस्त भी किए गए। जबकि इस संबंध में प्रशासनिक जांच भी मंदिर के पक्ष में है। बावजूद इसके निगम की शह पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आगाह किया कि 23 अगस्त तक मामले का पटाक्षेप नहीं हुआ तो हिंदूवादी संगठन भारी जनसमूह के साथ आंदोलन शुरू करेंगे। इस मौके पर विनोद शुक्ला, शेर बहादुर सिंह, बेला मंगल सिंह, अंजू कुमार, सोनू बिष्ट, राजेश यादव, ईश्वर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।
