हल्द्वानी: कोरोना से बचना है तो वायरल फीवर से भी बचो
हल्द्वानी, अमृत विचार। इस समय वायरल फीवर से लोग परेशान हैं। काफी संख्या में लोग वायरल से पीड़ित हैं। इस मौसमी बुखार से बचने की जरूरत है, क्योंकि इस समय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने की वजह से कोरोना का भी खतरा बनेगा। सरकारी अस्पतालों में वायरल के रोजाना सैकड़ों मरीज पहुंच रहे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। इस समय वायरल फीवर से लोग परेशान हैं। काफी संख्या में लोग वायरल से पीड़ित हैं। इस मौसमी बुखार से बचने की जरूरत है, क्योंकि इस समय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने की वजह से कोरोना का भी खतरा बनेगा।
सरकारी अस्पतालों में वायरल के रोजाना सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अनुमान के तहत अगस्त में हल्द्वानी व आसपास के इलाकों में 5000 से ज्यादा लोगों को वायरल फीवर अपनी चपेट में ले चुका है, जबकि यह सरकारी आंकड़ें हैं हकीकत में संख्या और भी ज्यादा हो सकती है।
चिंता का सबब यह है कि मामूली दिखने वाला सर्दी, बुखार शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करके शरीर में कोरोना का खतरा बढ़ा सकता है। इसलिए वायरल फीवर से बचने के लिए कोविड के नियमों का सख्ती से पालन करें। डॉक्टरों की सलाह है अगर मामूली सर्दी जुकाम होता है तब भी डॉक्टर से ही सलाह लें। इस समय सही दवाओं के सेवन से ठीक समय पर सही होना ज्यादा सही है।
यूं करें बचाव
हल्द्वानी। जिला संक्रामक रोग विश्लेषक एनके कांडपाल का कहना है कि बारिश के मौसम में बारिश में बिलकुल भी न भीगें।
ठंडे शीतल पेय न पिएं। बाहर का मसालेदार खाना न खाएं।
घर में बना हल्का खाना लें और घर के आसपास गंदगी न होने दें।
कोशिश करें कि घर में सीलन न हो।
बच्चों का खासतौर से ध्यान रखें।
अगर सर्दी जुकाम हो हो और कोरोना न हो तब भी घर पर ही रहने कोशिश करें।
वायरल फीवर के काफी मरीज सुशीला तिवारी अस्पताल में आ रहे हैं। बुखार के जो भी मरीज आ रहे हैं उनका कोविड टेस्ट भी किया जा रहा है। वायरल फीवर भी हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है। इसलिए कोरोनाकाल में शरीर को कहीं से भी कमजोर करना कोरोना का खतरा बढ़ा देता है। कोविड नियमों का सख्ती से पालन करें।
– डॉ. सत्यबली, प्रभारी एमएस, एसटीएच
सफाई कर्मचारियों की कमी से बढ़ रहा डेंगू का खतरा
हल्द्वानी। नगर निगम की ओर से लगातार लार्वा सिडल का छिड़काव करने के बाद भी वार्डों में डेंगू का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सभी वार्डों में दो टीमें बनाई हैं, जो डेंगू से बचाव में लार्वा सिडल व पानी जनित बीमारियों से बचने में बचाव करने के लिए छिड़काव कर रहे हैं, लेकिन आपको बता दें कि नए वार्ड बनने के बाद नगर निगम की ओर से केवल वार्ड 36 तक ही सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। अन्य वार्डों में अभी तक नए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे पता चलता है कि निगम लोगों की सेहत के लिए कितना सजग है। निगम के स्वास्थ्य अधिकार डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि जल्द ही उन्होंने महापौर डॉ. जोगेंद्र रौतेला को अन्य वार्डों में भी सफाई कर्मी की भर्ती करने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव पारित होते ही वह बाकी वार्डों में कर्मियों की भर्ती कर देंगे।
जिले में एक कोरोना पॉजिटिव
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। साथ ही 3949 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है। नैनीताल जिले में अभी तक पांच लाख से ज्यादा वयस्कों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।
