आजमगढ़: मानदेय न मिलने से नाराज आशा बहुओं ने किया सीएचसी पर प्रदर्शन
आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत आशा बहुओं ने 16 माह से मानदेय न देने की नाराजगी में प्रदर्शन किया। सीएचसी परिसर में मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। शाम को सीएचसी प्रभारी ने आशा आंदोलनकारियों से वार्ता कर मांगे शीघ्र पूरी करने का आश्वासन दिया। आशा संघ की अध्यक्ष बृजबाला सिंह ने बताया …
आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत आशा बहुओं ने 16 माह से मानदेय न देने की नाराजगी में प्रदर्शन किया। सीएचसी परिसर में मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। शाम को सीएचसी प्रभारी ने आशा आंदोलनकारियों से वार्ता कर मांगे शीघ्र पूरी करने का आश्वासन दिया। आशा संघ की अध्यक्ष बृजबाला सिंह ने बताया कि 16 महीने से उन लोगों का मानदेय नहीं मिला है। इससे आशा बहुएं भूखमरी की शिकार हो गई हैं। लगातार सीएचसी सहित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में पत्र व्यवहार कर भुगतान की मांग की जा रही है।
बीते 2020 दिसंबर माह में निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त को भी आशाओं ने मानदेय संबंधी पत्रक सौंपा था। मंडलायुक्त ने निर्देश भी दिया था लेकिन आज तक मानदेय भुगतान नहीं किया गया। आशाओं का कहना था कि बार-बार सिर्फ कोरा आश्वासन दिया जा रहा है। शुक्रवार को भी एमआइसी ने मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया था लेकिन जब शाम हुई तो वह बिना आशाओं से मिले ही अस्पताल से निकल गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को मांग पत्र भेजकर मानदेय भुगतान की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो कलम बंद हड़ताल करने को बाध्य होंगे। इसमें अनामिका सिंह, इंदू गिरी, रेनू, अनीता, रीता देवी, प्रियंका, अंजुला सिंह, चंदा सिंह, गीता सिंह, मीरा देवी, शशि कला, सावित्री देवी आदि रहीं। सीएचसी प्रभारी डा. योगेश कुमार गौतम का कहना है कि आशाओं का मानदेय भुगतान प्रक्रिया में बिल वाउचर मुख्यालय पर भेज दिया गया है। बजट मिलते ही उनके खातों में मानदेय भेज दिया जाएगा।
