टनकपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग तीसरे दिन भी बंद, जरूरी चीजों की किल्लत शुरू
टनकपुर, अमृत विचार। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास आए मलबे को तीसरे दिन भी नहीं हटा पाया है। मलवा ना हटने के कारण पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे दोनों क्षेत्रों को आने जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा …
टनकपुर, अमृत विचार। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास आए मलबे को तीसरे दिन भी नहीं हटा पाया है। मलवा ना हटने के कारण पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे दोनों क्षेत्रों को आने जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के शीघ्र खुलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
सड़क बंद होने से एक बार फिर जिले में जरूरी चीजों की किल्लत शुरू हो गई है। मैदानी क्षेत्र से सब्जियां, पेट्रोल एवं डीजल समेत अन्य चीजों की सप्लाई ठप हो गई है।
सोमवार की सुबह स्वाला के पास पहाड़ी दरकने से लगभग 200 मीटर सड़क का हिस्सा भारी भरकम बोल्डरों और मिट्टी से पट गया था। तब से सड़क खोलने का काम लगातार जारी है, पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण सड़क खोलने के कार्य में व्यवधान पैदा हो रहा है। मलबा हटाने के काम में चार जेसीबी और पोकलैंड मशीनें लगी हुई हैं।
इसके बाद भी तीसरे दिन बुधवार तक 100 मीटर का हिस्सा भी साफ नहीं हो पाया है। एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि गुरूवार की शाम तक सड़क खुलने की संभावना नहीं है। इधर सड़क बंद होने से एक बार फिर जिले में जरूरी चीजों की सप्लाई ठप हो गई है। सब्जियों एवं डीजल, पेट्रोल के वाहन नहीं पहुंच पाने से इन चीजों की किल्लत शुरू हो गई है। रोडवेज की बसों एवं टैक्सियों को देवीधुरा मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जा रहा है।
लेकिन इससे यात्रियों को लंबा रूट तय कर और अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है। एनएच बंद होने से रोडवेज की सभी बसें नहीं चल पा रही हैं, जिससे डिपो को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। टनकपुर से लोहाघाट, झूलाघाट, धारचूला, बेरीनाग के लिए सीधी बस सेवा ठप हो गई है। टनकपुर डिपो के एआरएम (संचालन) केएस राणा ने बताया कि इन रूटों पर बसें न चलने से डिपो को रोजाना 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है।
जिलाधिकारी ने दिए शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश
टनकपुर। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने एनएच को स्वाला के पास आए मलबे को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उन्होंने स्वाला जाकर सड़क खोलने के कार्य का जायजा लिया था, उन्होंने जरूरत पडऩे पर जेसीबी की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने पुलिस को सड़क खुलने तक किसी भी वाहन को चम्पावत और टनकपुर से आगे न बढऩे देने के भी निर्देश दिए हैं।
दूसरे रूटों से जा रहे हैं वाहन
टनकपुर। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास आए मलबे के चलते जहां यात्रियों को आने-जाने में भारी दिक्कतें हो रही है,वहीं अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वाहनों को अन्य रूटों से भी भेजा जा रहा है। यह मार्ग बाधित होने से एक ओर जहां टनकपुर हल्द्वानी वाया देवीधुरा लोहाघाट होकर वाहनों को भेजा जा रहा हैं।इधर जिला प्रशासन ने यात्रियों से इस समय यात्रा न करने का सुझाव दिया है। साथ ही कहा है कि वह टनकपुर हल्द्वानी बाया लोहाघाट होकर पिथौरागढ़ का सफर करें।
