बाजपुर: एथेनॉल प्लांट के विरोध में उतरे लोग
बाजपुर, अमृत विचार। एथेनॉल प्लांट की स्थापना के लिए जहां भूमि के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है वहीं कई शिक्षण व धार्मिक संस्थाएं इसके विरोध में उतर आईं हैं। लोक सुनवाई के दौरान संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में प्रस्तावित प्लांट का जबरदस्त विरोध करते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। लोगों ने …
बाजपुर, अमृत विचार। एथेनॉल प्लांट की स्थापना के लिए जहां भूमि के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है वहीं कई शिक्षण व धार्मिक संस्थाएं इसके विरोध में उतर आईं हैं। लोक सुनवाई के दौरान संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में प्रस्तावित प्लांट का जबरदस्त विरोध करते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। लोगों ने मांग न मानी जाने पर उग्र आंदोलन के साथ ही कोर्ट की शरण में जाने की चेतावनी भी दी।
राधा-कृष्ण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सामने स्थित सहकारी चीनी मिल की 20 एकड़ भूमि में पूर्व से प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट के विरोध में स्कूल, कई धार्मिक स्थलों के संचालक व आसपास बसें परिवारों के लोग सामने आ गए हैं जिसके चलते बुधवार को आईटीआई कॉलेज में हुए लोक सुनवाई कार्यक्रम में प्रशासनिक व पर्यावरण विभाग से जुडे अधिकारियों के पैनल ने संस्थानों से जुड़े तमाम जनप्रतिनिधियों आदि से बात कर उनकी मंशा को जानने का प्रयास किया।
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाने के साथ ही आपत्तियां दर्ज की गईं। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय किसानों, गणमान्य लोगों, शिक्षण एवं धार्मिक संस्थानों से जुड़े पदाधिकारियों ने इस भूमि को प्लांट निर्माण के लिए अनुचित बताते हुए कई कारण गिनाए। इस दौरान सहकारी चीनी मिल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व पर्यावरण अधिकारियों ने लोगों की बातों को गौर से सुना और समझाने का प्रयास किया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी, पर्यावरण से सलाहकार निदेश यादव, सम्प्रेक्षा अधिकारी विजय पांडेय, जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय नारायण सिंह नबियाल व एसडीएम विवेक प्रकाश आदि ने लोगों को प्लांट के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें उसके फायदे बताए और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग यहां प्लांट के विरोध में खड़े रहे।
यहां पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि सभी आपत्तियों व वीडियोग्राफी आदि उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी तथा अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के उपरांत ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बात को नहीं माना गया तो वह जन आंदोलन के साथ ही न्यायालय की शरण में जाने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरेंद्र सिंह लाडी, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा, ग्राम प्रधान मुड़िया पिस्तौर विद्या देवी, चीनी मिल के मुख्य रसायनविद् एसके मिश्रा, प्रमुख अभियंता अभिषेक कुमार, मुख्य गन्ना अधिकारी राजीव कुमार, अतुल कुमार चौहान, सुनील चंद्र बिष्ट, संदीप कुमार शुक्ला, सुभाष चंद्र, मोहित शर्मा, बीके राय आदि के साथ ही काफी संख्या में विभिन्न संस्थानों से जुड़े पदाधिकारी-जनप्रतिनिधि व किसान मौजूद थे।
ये संस्थाएं हैं विरोध में
बाजपुर। ग्रामसभा मुड़िया पिस्तौर के अंतर्गत सहकारी चीनी मिल की करीब 20 एकड़ भूमि है जिसमें 100 केएलपीडी का एथेनॉल प्लांट और 25 मेगावाट का को-जनरेशन पॉवर प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है। लोक सुनवाई कार्यक्रम में बहादुरगंज गुरुद्वारा साहिब प्रबंधक कमेटी, राधाकृष्ण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ग्रामसभा मुड़िया पिस्तौर, सर्वेंट ऑफ इंडिया सोसाइटी से जुड़े प्रबंधक मंडल ने संयुक्त रूप से अपनी आपत्तियां पंजीकृत कराते हुए अपना पुरजोर विरोध दर्ज कराया है।
