काशीपुर: टक्कर के बाद गिरी महिला को ट्रक ने रौंदा
काशीपुर, अमृत विचार। गैस सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार सवार विवाहिता और उसका जेठ घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। महिला के जेठ को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी …
काशीपुर, अमृत विचार। गैस सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार सवार विवाहिता और उसका जेठ घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। महिला के जेठ को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दरअसल ग्राम हल्दुआ रामनगर जिला नैनीताल निवासी पंकज यादव का विवाह वर्ष 2018 में रुद्रपुर की रहने वाली प्रीति यादव के साथ हुआ था। पंकज पुलिस विभाग में वर्तमान में देहरादून में तैनात है। गुरुवार को प्रीति अपने जेठ ऋषिपाल यादव के साथ दवाई लेने बाइक से जसपुर गई थी।
वहां से लौटते समय कुंडा थाने के पास गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक जेठ छिटक कर दूर जा गिरा जबकि बाइक पर पीछे बैठी प्रीति छिटक कर सड़क पर ही गिर गई और ट्रक ने उसे रौंद दिया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं मृतका के जेठ को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घटना के बाद ट्रक चालक मौका पाकर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
