सार्वजनिक स्थान पर महिला के साथ गलत काम, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
टनकपुर, अमृत विचार। विक्षिप्त महिला के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आए सूखीढांग के आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने टनकपुर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मालूम हो कि गुरुवार को टनकपुर रोडवेज बस अड्डे में रह रही एक विक्षिप्त महिला के साथ अश्लील हरकत …
टनकपुर, अमृत विचार। विक्षिप्त महिला के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आए सूखीढांग के आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने टनकपुर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मालूम हो कि गुरुवार को टनकपुर रोडवेज बस अड्डे में रह रही एक विक्षिप्त महिला के साथ अश्लील हरकत करते एक युवक का वीडियो वायरल हो गया। देखते ही देखते ही कई लोगों के पास यह वीडियो चला गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में खासा हड़कंप मच गया।
गुरुवार को जब यह वीडियो एसडीएम हिमांशु कफल्टिया के पास पहुंचा तो उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने भी तत्काल मामले की जांच शुरू कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति दिनेश चौड़ाकोटी पुत्र मोतीराम चौड़ाकोटी निवासी सूखीढांग चम्पावत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों का संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया। जहां आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले की जांच एसआइ नीशू गौतम को सौंपी गई है। महिला कुछ साल पहले टनकपुर के एक निजी अस्पताल में सफाई का काम करती थी। पिछले कई दिनों से वह रोडवेज के बस स्टेशन के आस-पास ही रह रही थी।
बस स्टेशन की दुकानों से फैलती है अराजकता
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला को-ऑर्डिनेटर दीपक चंद्र भट्ट ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि रोडवेज बस अड्डे में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। साथ ही बस स्टेशन के अंदर लगी दुकानों को तत्काल हटाया जाए। भट्ट ने आरोप लगाया कि इन दुकानों से ही अराजकता फैल रही है।
महिला को बनबसा स्थित रीड्स संस्था के पुनर्वास केंद्र में भेजा जा रहा है। जल्दी ही वे महिला को नारी निकेतन भेज दिया जाएगा।- हिमांशु कफल्टिया, एसडीएम
