हल्द्वानी: रामनगर-बेतालघाट राजमार्ग खुला, चार ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में बारिश की वजह से बंद हुए कुछ मार्ग खुल गए हैं। इसमें एक राजमार्ग भी शामिल है। इधर हल्द्वानी से नैनीताल की ओर यातायात जारी है। हालांकि ग्रामीण क्षत्रों की तीन सड़कें बंद हैं। शनिवार को बारिश की वजह से बंद हुए रामनगर-बेतालघाट राजमार्ग खुल गया है। इस मार्ग पर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में बारिश की वजह से बंद हुए कुछ मार्ग खुल गए हैं। इसमें एक राजमार्ग भी शामिल है। इधर हल्द्वानी से नैनीताल की ओर यातायात जारी है। हालांकि ग्रामीण क्षत्रों की तीन सड़कें बंद हैं।
शनिवार को बारिश की वजह से बंद हुए रामनगर-बेतालघाट राजमार्ग खुल गया है। इस मार्ग पर आए मलबे को जेसीबी से हटा दिया गया है। इधर हल्द्वानी-नैनीताल राजमार्ग पर धंसी हुईं सड़क को ठीक करने का काम जारी है। यहां पर ज्योलीकोट चौकी पुलिस तैनात है। शुक्रवार को ही मलबा आने की वजह से नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग बंद हो गया था।
इसे भी शनिवार को खोल दिया गया और यहां से यातायात जारी है। ज्योलीकोट क्षेत्र में तीन ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद हैं। बोहरागांव-देवीधूरा मार्ग, बानना मोटर मार्ग, फतेहपुल बेल मोटर मार्ग को अभी भी नहीं खोला जा सका है। इसमें बोहरागांव-देवीधूरा मार्ग 21 अगस्त से बंद है। इसके अलावा रामनगर ब्लॉक में संघला मल्ला मार्ग भी बंद है।
प्रशासन का दावा है कि सोमवार को सभी मार्ग खोल दिए जाएंगे। इधर वीरभट्टी पुल पर अभी भी खतरा बरकरार है। यहां से केवल हल्के वाहनों को जाने दिया जा रहा है। आपदा नियंत्रण विभाग लगातार मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रखी है, इसलिए विभाग अलर्ट पर चल रहा है।
