बरेली: स्कूल कॉलेजों के आसपास से नही हटाई गई शराब की दुकानें
बरेली, अमृत विचार। डीएम के निर्देश के बाद भी स्कूल और कॉलेजों के आसपास संचालित हो रहीं शराब और बीयर की दुकानों को अभी तक नहीं हटाया गया है। स्कूल खुलने के बाद शराब की दुकानों पर जमा लोगों से छात्रों को दिक्कतें हो रही हैं। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शहर …
बरेली, अमृत विचार। डीएम के निर्देश के बाद भी स्कूल और कॉलेजों के आसपास संचालित हो रहीं शराब और बीयर की दुकानों को अभी तक नहीं हटाया गया है। स्कूल खुलने के बाद शराब की दुकानों पर जमा लोगों से छात्रों को दिक्कतें हो रही हैं। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शहर में सर्वे कराने के बाद स्कूल व कॉलेजों के आसपास संचलित हो रहीं शराब की दुकानों को हटा दिया जाएगा।
जिलाधिकारी नितीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन में बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया गया था जिसमें जिलाधिकारी ने स्कूलों के आसपास तंबाकू-गुटखा के अलावा शराब की दुकानें खुली होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि स्कूल, कॉलेजों के आसपास दुकानें होने से बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सख्त कदम उठाकर स्कूलों के 10 मीटर के दायरे से शराब की दुकानों को हटाने के निर्देश दिए थे।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक अमरकांत और जिला आबकारी अधिकारी देव नारायण दुबे से कहा था कि जनपद में स्कूलों के आसपास 10 मीटर के दायरे में शराब की दुकानें नहीं होनी चाहिए। स्कूलों में तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस संबंध में बोर्ड लगवाएं। बावजूद अब भी शहर में कई जगह पर स्कूल के आसपास शराब की दुकानों के साथ तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों की दुकाने संचलित हो रही है।
स्कूल कॉलेज के आसपास की शराब दुकानें चयनित की जाएंगी। बीएसए की तरफ से अगर स्कूल और कॉलेज के आसपास दुकान होने की सूचना मिलती है तो उसे हटाया जाएगा। -देव नारायण दुबे, जिला आबकारी अधिकारी
