हल्द्वानी: मंत्री डा.धन सिंह रावत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कर डाली भारत रत्न की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के एक बयान पर बवाल मचा हुआ है। वहीं कांग्रेस ने भी मंत्री जी के बयान को आडे़ हाथ लिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कहते …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के एक बयान पर बवाल मचा हुआ है। वहीं कांग्रेस ने भी मंत्री जी के बयान को आडे़ हाथ लिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कहते सुनाई दे रहें हैं कि अब एक ऐसा एप आया है, जिसके जरिये कहीं भी बारिश को कम या ज्यादा किया जा सकता है। वह शीघ्र ही इस एप का प्रजेंटेशन केंद्र सरकार को देने जा रहे हैं। अगर केंद्र सरकार की ओर से अनुमति मिलती है तो यह एप कई राज्यों के लिए वरदान साबित होगा। मंत्री का यह बयान सोशल मीडिया में वायरल होते ही उस पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ गई।

हालांकि सोशल मीडिया पर मंत्री के बयान संबंधी वायरल वीडियो पूरा नहीं है। इससे यह पता नहीं चल पा रहा है कि कैबिनेट मंत्री ने किस संदर्भ में यह बात कही। लेकिन चुनावी माहौल में कांग्रेस ने इसे अपने हाथ से जाने नहीं दिया और जम कर भाजपा के शीर्ष नेताओं द्वारा पूर्व बयानों को लेकर तंज कसे। वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी अपने फेसबुक हैंडल पर लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का फेसबुक लाइव स्टेटमेंट देखने को मिला।

उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश कम होती है, कुछ में ज्यादा होती है। अब उत्तराखंड के कष्ट तो मिट ही जाएंगे, मगर धन सिंह जिस एप को केंद्र सरकार को दिखाने जा रहे हैं, उसके जरिये अब पूरे देश में बारिश की अनिश्चितता के कारण पैदा होने वाली चुनौतियों से निपटा जा सकेगा। और लिखा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को चाहिए कि वह धन सिंह जी का नाम भारत रत्न के लिए प्रस्तावित कर दें। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कि मंत्री जी का वीडियो कब का है लेकिन सोशल मीडिया में वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और भाजपा के लिए एक नयी मुसीबत फिर सामने आ खड़ी हुई है।

संबंधित समाचार