रुद्रपुर: पीएसी में हुई हर्ष फायरिंग पर आईजी ने दिए जांच के निर्देश
रुद्रपुर, अमृत विचार। मंगलवार देर रात 31वीं वाहिनी पीएसी में गोलियों की तड़तड़ाने की आवाज से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पीएसी के जवानों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हर्ष फायरिंग की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2019 में हर्ष फायरिंग पर बैन लगा रखा है। पीएसी परिसर में …
रुद्रपुर, अमृत विचार। मंगलवार देर रात 31वीं वाहिनी पीएसी में गोलियों की तड़तड़ाने की आवाज से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पीएसी के जवानों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हर्ष फायरिंग की थी।
लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2019 में हर्ष फायरिंग पर बैन लगा रखा है। पीएसी परिसर में हुई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना रहा। जिसका संज्ञान पुलिस व पीएसी के आला अधिकारियों ने भी लिया है। मामले में एक कमेटी गठित कर जांच के निर्देश भी दिए गए है। जांच के बाद पीएसी कर्मियों पर गाज भी गिर सकती है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को 31वीं वाहिनी पीएसी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उधर ठीक 12 बजे पीएसी के जवानों ने वर्दी में सरकारी राइफल से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। घंटियो की आवाज में हो रही हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
मंगलवार सुबह वीडियो वायरल होने से पीएसी में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को देख लोगों का कहना है कि जहां एक ओर पुलिस हर्ष फायरिंग पर रोक लगाती है वहीं दूसरी ओर स्वयं हर्ष फायरिंग कर नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। उधर वीडियो वायरल होने का संज्ञान पुलिस व पीएसी के आला अधिकारियों ने भी लिया। जिसके बाद पुलिस प्रवक्ता एवं आईजी अमित सिन्हा ने एक कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दे दिए है।
हर्ष फायरिंग पुलिस के हर कार्यक्रम में होती है। असली कारतूसों से किसी कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग करने पर रोक है। यहां पर हर्ष फायरिंग में केवल साउंड वाले कारतूसों का प्रयोग किया गया है। मामले में आला अधिकारियों से कार्रवाई का अभी कोई भी नोटिस नहीं मिला है। -दद्दनपाल, सेनानायक, पीएसी 31वीं वाहिनी
