हल्द्वानी: बेस अस्पताल के गेट पर मानवता ने तोड़ा दम
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना अस्पताल में डायलिसिस के बाद सितारगंज निवासी मरीज कमल मंडल की अस्पताल के मुख्य गेट पर मौत हो गई। शव काफी देर गेट के पास पड़ा रहा। कांग्रेसियों और परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में प्रदर्शन किया। यह पहली बार नहीं इससे पूर्व भी एक व्यक्ति …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना अस्पताल में डायलिसिस के बाद सितारगंज निवासी मरीज कमल मंडल की अस्पताल के मुख्य गेट पर मौत हो गई। शव काफी देर गेट के पास पड़ा रहा। कांग्रेसियों और परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में प्रदर्शन किया। यह पहली बार नहीं इससे पूर्व भी एक व्यक्ति अस्पताल के मुख्य गेट पर दम तोड़ चुका है।
मंगलवार को सितारगंज निवासी कमल मंडल डायलिसिस के लिए अस्पताल आए थे। डायलिसिस के बाद वह वापस लौट रहे थे कि तबियत बिगड़ गई। कुछ ही क्षणों में उन्होंने अस्पताल गेट पर ही दम तोड़ दिया। शव काफी देर तक गेट के पास पड़ा रहा और इंसानियत का चोला ओढे़ इंसानों ने इस ओर देखना भी उचित नहीं समझा। थोड़ी ही देर में इस मामले की जानकारी कांग्रेस नेता हेमंत साहू के कानों तक पहुंची तो उन्होंने अपने समर्थकों के साथ अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर सोशल मीडिया में इस प्रकरण को लाइव कर दिया जिसके बाद इस पूरे मामले की जानकारी शहर में आग की तरह फैल गयी और तमाम लोग साहू के समर्थन पर अस्पताल पहुंच गए। इस बीच अस्पताल प्रबंधन के कानों तक नारेबाजी का शोर पहुंचा तो वह बाहर गेट तक पहुंचे और मामले को बढ़ता देख कमल के शव को अंदर ले गए, लेकिन कमल की मृत्यु की अधिकारिक पुष्टि के सिवा अस्पताल प्रबंधन कुछ नहीं कर पाया।
इस बीच कांग्रेस जिला महामंत्री हेमंत साहू ने सिटी मजिस्ट्रेट को घटना की जानकारी दी। प्रदर्शनकारियों ने डायलिसिस व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और डायलिसिस कंपनी का टेंडर तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में विशाल भारती, सचिन राठौर, अरबाज खान, पंकज कश्यप, सुन्दर आर्या, रजत भट्ट, ललित सिंह आदि थे।
मामला संज्ञान में आया है। मरीज की डायलिसिस कराने के बाद अस्पताल गेट के पास मौत हो गई। हालांकि जानकारी देर में मिली। इस कारण कुछ समय तक शव अस्पताल गेट के पास पड़ा रहा।
– डॉ हरीश लाल, पीएमएस
