बरेली: 6 सितंबर तक प्रवेश के लिए नहीं देना होगा विलंब शुल्क
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पंजीकरण की तिथि 31 अगस्त को समाप्त हो गई। इसके बाद विश्वविद्यालय ने 400 रुपये विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण के आदेश जारी किए थे। महाविद्यालयों व छात्रों के विरोध को देखते हुए कुलपति प्रो. केपी सिंह ने राहत दी है। अब महाविद्यालय 6 …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पंजीकरण की तिथि 31 अगस्त को समाप्त हो गई। इसके बाद विश्वविद्यालय ने 400 रुपये विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण के आदेश जारी किए थे। महाविद्यालयों व छात्रों के विरोध को देखते हुए कुलपति प्रो. केपी सिंह ने राहत दी है। अब महाविद्यालय 6 सितंबर तक छात्रों से 100 रुपये ही विश्वविद्यालय के पंजीकरण शुल्क के रूप में लेंगे। हालांकि उसके बाद 13 सितंबर तक 400 रुपये और 20 सितंबर तक 600 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
विश्वविद्यालय की सख्ती के बाद मंगलवार को काफी संख्या में प्रवेश पंजीकरण हुए। मंगलवार रात 10 बजे तक करीब 87584 पंजीकरण हो चुके थे, जिसमें 53382 का शुल्क भी जमा हो चुका था। विश्वविद्यालय में करीब पौने दो लाख सीटें हैं, इस हिसाब से अभी लगभग 50 फीसदी से कम ही प्रवेश हो सके हैं। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 31 जुलाई को स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर निर्देश जारी किए थे। इसके तहत महाविद्यालयों को 1 से 31 अगस्त तक छात्रों के प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण करना था।
महाविद्यालय शुरू में प्रवेश नियमावली समय से न मिलने की शिकायत कर रहे थे। उसके बाद पंजीकरण फार्म और शुल्क जमा करने की दिक्कतें भी बताईं। इसके बाद विश्वविद्यालय ने फार्म को छोटा कर दिया और छात्रों का पंजीकरण शुल्क एक साथ जमा करने की भी छूट दे दी। समय पर प्रवेश पूरे न होने पर महाविद्यालयों ने विरोध शुरू कर दिया लेकिन कुलसचिव ने 29 अगस्त को आदेश जारी कर स्पष्ट कर दिया कि तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। उसके बाद सोमवार और मंगलवार को काफी संख्या में छात्रों का पंजीकरण और शुल्क विश्वविद्यालय में कराया गया। हालांकि मंगलवार रात में कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने आदेश जारी किया, जिसमें विलंब शुल्क को लेकर 6 सितंबर तक की छूट दे दी गई।
प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश पंजीकरण की स्थिति
पाठ्यक्रम पंजीकरण
बीए 51384
बीएससी 21316
बीकॉम 4439
बीएससी कृषि 1725
बीबीए 1400
नोट- आंकड़े मंगलवार रात 10 बजे तक के हैं
