बदायूं: दहेज लोभियों ने गोली मारकर कर दी महिला की हत्या
बदायूं, अमृत विचार। थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव में दहेज लोभियों ने गोली मारकर महिला की हत्या कर दी गई। मायका पक्ष की ओर से ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर पति समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव का …
बदायूं, अमृत विचार। थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव में दहेज लोभियों ने गोली मारकर महिला की हत्या कर दी गई। मायका पक्ष की ओर से ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर पति समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जिला बरेली के लाल फाटक इफको कॉलोनी निवासी सतीश यादव की बेटी शिवानी यादव की शादी 22 नवंबर 2017 को थाना बिनावर क्षेत्र के गांव घटबेहटी निवासी देवेंद्र यादव पुत्र नरसिंह से हुई थी। मंगलवार को देर रात शिवानी (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसी ग्रामीण ने मायका पक्ष को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शिवानी के पिता सतीश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के बाद से ही पति देवेंद्र यादव, ससुर नरसिंह, सास लीलावती, नंद जावित्री कार के लिए शिवानी का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करते थे। 31 अगस्त को शिवानी ने मायका पक्ष को फोन करके सूचना दी कि कार की मांग पर ससुराली उसे पीट रहे हैं। रात के समय ही किसी ने उन्हें फोन करके सूचना दी कि ससुराल वालों ने शिवानी की गोली मारकर हत्या कर दी है।
बकौल सतीश वह परिवार के साथ गांव घटबेहटी पहुंचे तो शिवानी का शव देवेंद्र के आंगन में पड़ा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवानी यादव के पति देवेंद्र, उसके पिता नरसिंग पुत्र सूबेदार, लीलावती पत्नी नरसिंह और जावित्री पिता नरसिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ, बिनावर राजेश कुमार यादव ने बताया कि दहेज को लेकर महिला की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक महिला के पिता की तहरीर के आधार पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
