बरेली: ट्रांजेक्शन सीमित होने पर 69 एटीएम बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। करीब पांच महीने पहले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डिजिटल भुगतान को सुरक्षित तरीके से बढ़ाने के मकसद से एटीएम ट्रांजेक्शन की सीमा निर्धारित की थी। इस नियम का असर एटीएम बूथ पर भी दिखने लगा है। इंटरनेट बैकिंग पर जोर देने की वजह से जिले के करीब 117 एटीएम बूथ का …

बरेली, अमृत विचार। करीब पांच महीने पहले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डिजिटल भुगतान को सुरक्षित तरीके से बढ़ाने के मकसद से एटीएम ट्रांजेक्शन की सीमा निर्धारित की थी। इस नियम का असर एटीएम बूथ पर भी दिखने लगा है। इंटरनेट बैकिंग पर जोर देने की वजह से जिले के करीब 117 एटीएम बूथ का खर्च निकलना मुश्किल हो गया है। इस वजह से कई बैंकों ने तो अपने एटीएम बूथ भी बंद कर दिए हैं। करीब 69 एटीएम बंद कर दिए गए हैं।

अधिकारियों का अपना एक अलग तर्क है। उनके मुताबिक कई बैंकों के मर्ज होने का एटीएम बूथ पर असर पड़ रहा है। उनके मुताबिक पहले कई जगहों पर अलग-अलग बैंकों के एटीएम आसपास में हुआ करते थे। बैंकों के विलय होने से अब मुख्य बैंक के एटीएम को छोड़कर अन्य को बंद कर दिया गया है।

वहीं, इन एटीएम के बंद होने पर सबसे अधिक समस्या रात के समय होती है। किसी तरह ग्राहक पूछपाछ कर के यहां पहुंचते हैं और फिर निराश होकर लौट जाते हैं। शहर की बात करें तो कुछ एटीएम की हालत यह है सर्विस प्रोवाइडर भी विशेष ध्यान नहीं दे रहे हैं। शहर में पीलीभीत रोड, सिविल लाइंस, जंक्शन रोड, संजय नगर स्थित करीब एक दर्जन एटीएम पिछले कई दिनों से बंद की स्थिति में है। एलडीएम एमएम प्रसाद का कहना है केंद्र सरकार का जोर डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना है। लोगों में इसको लेकर जागरूकता देखी जा रही है। इसी की वजह से अब एटीएम पर न आकर लोग ऑनलाइन बैंकिंग पर ध्यान दे रहे हैं।

70 फीसदी युवा कर रहे डिजिटल ट्रांजेक्शन
एक अनुमान के मुताबिक 70 फीसदी युवा ग्राहक ऐसे हैं जो ऑनलाइन ही लेनदेन करते हैं। इसके पीछे वैसे तो कई कारण हैं लेकिन दो कारण मुख्य बताए जाते हैं। इसमें आनलाइन ट्रांजेक्शन से समय की बचत और तुरंत खाते में पैसा पहुंच जाता है। दूसरा यह है कि ज्यादातर जगहों पर फोन-पे, गूगूलपे समेत अन्य ऐप के जरिए ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा लागू है।

इन बैंकों में यह बैंक हुए मर्ज

  • पीएनबी में यूनाइटेड व ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स
  • इंडियन बैंक में इलाहाबाद बैंक
  • यूनियन बैंक में कॉरपोरेशन बैंक व आंध्रा बैंक
  • केनरा बैंक में सिंडिकेट बैंक

एक नजर में एटीएम

  • जिले में कुल एटीएम की संख्या 483
  • शहरी क्षेत्र में कुल एटीएम 283
  • ग्रामीण क्षेत्र में कुल एटीएम 200
  • बंद चल रहे एटीएम की संख्या 69

संबंधित समाचार