लालकुंआ: मामूली विवाद में दोस्त बना दुश्मन, चला दी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालकुआं, अमृत विचार। कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दोस्त आपस में दुश्मन बन गए। एक मित्र ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी युवक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। …

लालकुआं, अमृत विचार। कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दोस्त आपस में दुश्मन बन गए। एक मित्र ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी युवक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका उपचार चल रहा है। आरोपी युवक छात्र नेता भी बताया जाता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिंदूखत्ता चौकी क्षेत्र की यह घटना बुधवार की देर रात की है। यहां के शास्त्री नगर के रहने वाले धीरज पांडे क्षेत्र के ही कुछ युवकों के साथ खड़े थे। इस दौरान उसके साथ तिवारी नगर निवासी विकास सिजवाली भी था। बताया जाता है कि किसी बात पर विकास और धीरज में कहासुनी बढ़ गई। विवाद में आगबबूला हुए विकास ने धीरज पर गोली चला दी।

गोली सिर को छूते हुए निकली, जिससे धीरज घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। लालकुआं कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दोनों युवक दोस्त बताए जाते हैं। तहरीर के अनुसार उन दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। आरोपी से पूछताछ चल रही है। जांच में आरोप साबित होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं बताया जाता है कि आरोपी युवक एमबीपीजी कालेज में छात्र संघ अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुका है। सीओ प्रमोद शाह ने बताया कि जांच चल रही है।

 

संबंधित समाचार