बरेली कॉलेज के कर्मचारियों ने निकाला जुलूस
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में अस्थायी कर्मचारियों ने शुक्रवार को कॉलेज से पूर्व मंत्री व कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद विधायक को संबोधित ज्ञापन कार्यालय प्रभारी अनूप पांडेय को सौंपा। इससे पहले कर्मचारी नेताओं ने कॉलेज के कार्यालय पर हुई सभा …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में अस्थायी कर्मचारियों ने शुक्रवार को कॉलेज से पूर्व मंत्री व कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद विधायक को संबोधित ज्ञापन कार्यालय प्रभारी अनूप पांडेय को सौंपा। इससे पहले कर्मचारी नेताओं ने कॉलेज के कार्यालय पर हुई सभा में अपनी मांगों के समर्थन में खूब नारेबाजी की। वे बरेली कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने और कर्मचारियों को विनियमित करने की मांग कर रहे थे।
कर्मचारी नेता रामबहादुर ने कहा कि अब यह आंदोलन हमारे लिये करो या मरो जैसा है। हम हर तरह से तैयार हैं। सचिव हरीश मौर्य ने विद्यार्थियों से भी आंदोलन में हिस्सा लेने की अपील की। सभा की अध्यक्षता करते हुए जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि हमें जनहित की लड़ाई लड़ने के लिये यदि कुर्बान भी होना पड़ा तो अपना जीवन सफल समझूंगा।
आखिर 184 वर्ष पुराने महाविद्यालय के साथ न्याय करके उसको सम्मान दिलाने का ही यह संघर्ष हम लोग कर रहे हैं। शनिवार को कर्मचारी शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बरेली कॉलेज के शिक्षकों के सम्मान में प्राचार्य डा. अनुराग मोहन को बुके देकर सम्मानित करेंगे और आंदोलन को समर्थन देने की मांग करेंगे। कर्मचारी जल्द ही नगर विधायक को ज्ञापन देंगे।
धरने पर मनीष मिश्रा, राजीव कुमार, संजीव पटेल, कुलदीप, रामू , सावित्री, देववती, बच्ची देवी, माया पांडेय, गंगा प्रसाद, मुकेश शर्मा, सुरेश, बबलू, नानक चन्द्र, महेंद्र गंगवार, वंश गोपाल शर्मा, सुनील सिंह, ज्ञानपाल, मदन कुमार, सोएब शाह, अरविंद यादव, मुकेश यादव, दयाशंकर, विनीत रोहिला आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
