भीमताल में लगा संयुक्त कैंप, 28 युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की हुई पहल
भीमताल, अमृत विचार। जिला स्तरीय स्वरोजगार अनुश्रवण समिति की ओर से ब्लॉक सभागार में शनिवार को एक संयुक्त कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ नोडल अधिकारी स्वरोजगार/मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा किसी भी क्षेत्र निर्माण, सेवा, विक्रय में स्वरोजगार प्रारम्भ करना चाहते हैं तो कैंप …
भीमताल, अमृत विचार। जिला स्तरीय स्वरोजगार अनुश्रवण समिति की ओर से ब्लॉक सभागार में शनिवार को एक संयुक्त कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ नोडल अधिकारी स्वरोजगार/मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा किसी भी क्षेत्र निर्माण, सेवा, विक्रय में स्वरोजगार प्रारम्भ करना चाहते हैं तो कैंप में मौजूद विभिन्न विभागों के सहयोग से चलाई जा रही इन रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं की आर्थिकी मजबूत होगी और पलायन पर भी रोक लगेगी। इधर, कैंप में मौके पर ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के आवेदन साक्षात्कार के बाद विभिन्न बैकों को ऋण वितरण के लिए भेजे गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में 17 आवेदनों पर 65 लाख, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में सात आवेदन 34 लाख रुपए ऋण के बैंकों को भेजे गए। वहीं, पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत चार अभ्यर्थियों के 1.14 करोड़ के आवेदन बैंकों को भेजे गए। शिविर में अभ्यर्थियों ने मुख्य रूप से पशुपालन, डेयरी, जनरल स्टोर, बुटीक, ब्यूटी पार्लर, रेस्टोरेंट आदि योजनाओं के तहत आवेदन किए।
