हल्द्वानी: नाबालिग से छेड़छाड़ करता एएसआई धरा, लोगों ने की जमकर धुनाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एएसआई ने 11 वर्षीय बालिका के साथ अश्लील हरकतें की। परिजनों ने वीडियो बनाने के साथ ही पुलिस कर्मी को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद नाराज लोगों ने एएसआई की धुनाई लगा दी। घायल आरोपी को अस्पताल भर्ती कराया गया है। आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एएसआई ने 11 वर्षीय बालिका के साथ अश्लील हरकतें की। परिजनों ने वीडियो बनाने के साथ ही पुलिस कर्मी को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद नाराज लोगों ने एएसआई की धुनाई लगा दी। घायल आरोपी को अस्पताल भर्ती कराया गया है। आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएसपी ने आरोपी पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है।

मुखानी थाना क्षेत्र में एक परिवार किराए पर परचून की दुकान चलाता है। सुबह के वक्त दुकान पर कुछ देर के लिए 11 साल की बालिका बैठती थी। आरोपी एएसआई मदन सिंह (57) पास ही किराए पर रहता है। वह दूध व अन्य सामान लेने रोजाना दुकान पर आता था। आरोप है कि वह पिछले 10 दिनों से बालिका के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। शनिवार को हिम्मत जुटाकर बालिका ने मां को आपबीती सुनाई। बालिका की आपबीती सुनकर परिजनों का खून खौल उठा। परिजनों ने पुलिस कर्मी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। उन्होंने पहले से ही दुकान और आसपास मोबाइल कैमरे लगा दिए।

रविवार सुबह एएसआई फिर से दुकान में पहुंचा। बालिका को अकेली पाकर रोजाना की तरह फिर से दुकान के भीतर घुस गया और अश्लील हरकतें करने लगा। इस बीच बालिका ने मदद के लिए शोर मचा दिया। दुकान पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मी को दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाई और थाने लाकर सौंप दिया। स्थानीय लोग घटनास्थल से मुखानी थाने तक आरोपी को पीटते-पीटते पहुंचे। उन्होंने पुलिस को आरोपी की करतूतों की फुटेज भी सौंपी।

नाराज लोगों ने थाने में प्रदर्शन भी किया और आरोपी पुलिस कर्मी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुखानी एसओ सुशील कुमार ने बताया कि पीड़ित बालिका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और आईपीसी की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को बेस अस्पताल भर्ती कराया गया है। इधर, घटना का पता चलते ही एसएसपी ने आरोपी पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है। आरोपी पुलिस कर्मी मदन सिंह गन्ना सेंटर चौकी में तैनात था।

फुटेज वायरल होते ही फिर शर्मसार हुई खाकी
हल्द्वानी। पुलिस कर्मी द्वारा बालिका से अश्लील हरकतों की वीडियो वायरल होते की खाकी एक बार फिर शर्मसार हो गई। देखते ही देखते आरोपी पुलिस कर्मी की हरकतों की वीडियो तेजी से वायरल होने लगी। जिसने भी इस घटना को सुना, पुलिस कर्मी की करतूत की भर्त्सना की। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने कानून के रक्षक द्वारा ही अपराध करने पर कड़ी सजा की वकालत की। इधर, पुलिस कर्मी की अश्लील हरकतों और फिर पिटाई का वीडियो वायरल होने पर महकमे में खलबली मच गई। एसएसपी को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल न करने और दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी देनी पड़ी।

आरोपी पुलिस कर्मी ने खाकी को शर्मसार करने वाली वारदात की है। सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को निबंलित कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी।
– प्रीति प्रियदर्शिनी, एसएसपी, नैनीताल

संबंधित समाचार