किच्छा: बच्ची से अश्लील हरकतें करने पर एक पर रिपोर्ट दर्ज
किच्छा, अमृत विचार। घर के बाहर खेल रही बच्ची को अधेड़ द्वारा गोदाम में ले जाकर छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने बच्ची के शरीर पर कई जगह दांतों से काट कर जख्म भी बना दिए। पुलिस ने नाबालिग बालिका का मेडिकल कराते हुए आरोपी के खिलाफ …
किच्छा, अमृत विचार। घर के बाहर खेल रही बच्ची को अधेड़ द्वारा गोदाम में ले जाकर छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने बच्ची के शरीर पर कई जगह दांतों से काट कर जख्म भी बना दिए। पुलिस ने नाबालिग बालिका का मेडिकल कराते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी द्वारा बच्ची को घर के बाहर से गोदाम में ले जाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें करीब आधे घंटे तक गोदाम में रहने के बाद आरोपी बच्ची को लेकर बाहर निकलता दिख रहा है।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे उसकी 10 वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वार्ड में कन्फेक्शनरी की दुकान चलाने वाला आरोपी बंटी गाबा मौके पर पहुंचा और बच्ची को बहलाकर अपने साथ गोदाम में ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कीं और उसके शरीर पर कई जगह पर दांतों तथा नाखून से जख्म बना दिए। आरोपी के चंगुल से छूटकर बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बालिका के परिजनों ने जब आरोपी के परिजनों से मामले को लेकर शिकायत की तो आरोपी के परिजनों ने अभद्रता करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी।
बालिका के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी की भतीजी ने आरोपों को निराधार बताते हुए युवकों को मौके पर बुलाकर पीड़ित पक्ष को कानूनी कार्रवाई करने पर धमकाते हुए अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके बाद बच्ची के परिजन लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और सीओ निहारिका सेमवाल तथा कोतवाल चंद्र मोहन सिंह को नामजद तहरीर सौंपी। सीओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
