बरेली: गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई का प्लान बनाकर भूला नगर निगम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों पर अंकुश लगाने का नगर निगम ने कार्रवाई के लिए जो प्लान बनाया था, वह परवान नहीं चढ़ रहा है। शासनादेश और नियमावली को बोर्ड की सहमति के बाद भी अभियान नहीं चलाए जाने से शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम सफल नहीं हो पा रही …

बरेली, अमृत विचार। सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों पर अंकुश लगाने का नगर निगम ने कार्रवाई के लिए जो प्लान बनाया था, वह परवान नहीं चढ़ रहा है। शासनादेश और नियमावली को बोर्ड की सहमति के बाद भी अभियान नहीं चलाए जाने से शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम सफल नहीं हो पा रही है। नगर निगम ने इस अभियान के तहत अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की है। जबकि इस नियमावली के तहत गंदगी फैलाने वालों पर एक हजार से 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।

शहर को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से गंदगी फैलाने, थूकने पर 100 से 1000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ता था। अब नए कानून के तहत इस नियम को बदल दिया गया है। इसके तहत अगर कोई कार्यक्रम हो रहा है, जिसमें 100 से ज्यादा लोग हैं तो आयोजक को कार्यक्रम समाप्त होने पर सफाई करानी होगी अन्यथा क्षेत्रफल व कचरे के हिसाब से जुर्माना देना होगा।

फेरी व पटरी दुकानदारों को बंद डिब्बा रखना होगा, जिससे उसी में कूड़ा एकत्र हो सके। कॉलोनी में गदंगी को लेकर भी सख्ती दिखाई गई है। अब कूड़ा फेंकने पर कॉलोनी वालों को ही साफ कराना होगा। आवासीय समितियों के अंदर की गलियों को समिति वालों को ही साफ कराना होगा। गंदगी को एक स्थान पर एकत्र करके निकाय की कूड़ा गाड़ी को देना होगा। लंगर या पूजा पंडालों में कूड़ादान अनिवार्य रूप से रखना होगा। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या अन्य किसी स्थान पर कूड़ा फेंकना प्रतिबंधित कर दिया गया है।

शहर में प्रतिदिन निकल रहा 450 मीट्रिक टन कूड़ा
आंकड़ों के अनुसार शहर में हर दिन करीब 450 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है लेकिन उसका निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इसका असर शहर के लोगों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई व पर्यावरण पर पड़ रहा है। ऐसे में यह सख्ती की जा रही है। नई नियमावली में अपशिष्ट को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें जैविक, अजैविक और घरेलू कूड़े को अलग-अलग कर कूड़ेदान में रखना होगा। जबकि नगर निगम प्रशासन ने टीम बनाकर इस निमयावली को सख्ती से लागू करने की कोई योजना तैयार नहीं की है।

इस बारे में मेयर डॉ. उमेश गौतम का कहना है कि जल्द ही अभियान की शुरुआत की जाएगी। गंदगी करने वालों को जुर्माना भी होगा। इसके लिए अधिकारियों को कड़ाई के साथ अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया जाएगा।

संबंधित समाचार