मुरादाबाद: नेपाल से शिमला जा रही कार की टैंकर से भिड़ंत, आठ लोग घायल
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में बुधवार तड़के क्रूजर कार और बारुद से भरे टैंकर में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में क्रूजर कार सवार महिलाओं व बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायल नेपाल के रहने वाले हैं। वह सब्जी की खेती करने के लिए शिमला जा रहे थे। हादसे की सूचना …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में बुधवार तड़के क्रूजर कार और बारुद से भरे टैंकर में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में क्रूजर कार सवार महिलाओं व बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायल नेपाल के रहने वाले हैं। वह सब्जी की खेती करने के लिए शिमला जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दोपहर बाद मूंढापांडे थानाक्षेत्र में रहने वाला युवक सभी को डिस्चार्ज कराकर अपने साथ ले गया। गनीमत यह रही कि बारुद से भरे टैंकर को कुछ नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
नेपाल के जिला जन जमला निवासी रमेश परियार, उसकी पत्नी वोमस परियार, लवामजन सलयान निवासी लीलाधर खत्री, करान जन सत्याल निवासी प्रेमा व उसका पति जिवराज, लोहम धन सल्याम निवासी निर्मला व उसकी बेटी पूरनिया, हापुरे राड निवासी हुम बहादुर ओली शिमला में सब्जी की खेती करते हैं। सभी लोग एक क्रूजर में सवार होकर नेपाल से शिमला जा रहे थे।
तड़के करीब चार बजे पाकबड़ा थानाक्षेत्र में फ्लाईओवर पर इनकी कार सामने से आ रहे बारुद भरे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार महिलाएं व बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यह देख उधर से गुजरने वाले वाहन चालक भी रुक गए। उन्होंने क्रूजर में फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकाला।
इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को भर्ती कर लिया, जबकि मामूली चोटिल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। इसके साथ ही सिविल लाइंस पुलिस को घटना के बारे में लिखित सूचना भी भेज दी। दोपहर बाद बाद मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव नियामतपुर इकरोटिया निवासी जितेंद्र जिला अस्पताल पहुंचा और अपनी आईडी दिखाकर सभी घायलों को अपने साथ ले गया।
