बाराबंकी: बैंक कर्मियों ने हड़पे किसान के पैसे, पीड़ित ने लगाई उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार
बाराबंकी। जिले के सुबेहा क्षेत्र में आर्यावर्त बैंक के बैंक मित्रों की ओर से एक किसान से 37 हजार 500 रुपए लेकर उसे उसके ऋण खाते में जमा करने के बजाय हजम कर जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित किसान ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला …
बाराबंकी। जिले के सुबेहा क्षेत्र में आर्यावर्त बैंक के बैंक मित्रों की ओर से एक किसान से 37 हजार 500 रुपए लेकर उसे उसके ऋण खाते में जमा करने के बजाय हजम कर जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित किसान ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला मोहम्मदपुर गांव का है, यहां के निवासी चंद्रप्रकाश पांडे ने मई 2015 में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा कमेला से केसीसी बनवाया था। यहां पैसा नहीं जमा करने पर मार्च महीने में बैंक की ओर से उसके घर अक्षय और सोनू आए और उससे बकाया धन देने को कहा।
इसपर किसान की ओर से उन्हें दस हजार रुपए दिए गए। उसके बाद दो किस्तों में उसने 27 हजार 500 रुपए कुल 37 हजार 500 रुपए अक्षय को दिए। अक्षय ने किसान को भरोसा दिलाने की खातिर फर्जी मुहर लगाकर उसे जमा पर्ची भी दे दी। लेकिन पैसा उसके केसीसी खाते में नहीं जमा किया गया। किसान को इस फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई जब पुलिस उसके घर लोक अदालत की नोटिस लेकर पहुंची। तब उसे पता चला की उसके खाते में पैसा ही नहीं जमा किया गया है।
शुक्रवार को पीड़ित किसान बैंक के शाखा प्रबंधक से मिला और लिखित शिकायत कर पैसा वापस दिलवाने की मांग की है। बैंक मैनेजर ने इस मामले में किसान की कोई भी मदद कर पाने में असमर्थता जताई है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों का कहना है बैंक कर्मी की ओर से धांधली की शिकायत पर भी शाखा प्रबंधक ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में किसान ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है ।
